शनिवार, 15 अगस्त 202610:38:38 AM
Download App
Home/देश

भारतीय क्रिकेट के इतिहास में आज का दिन खास : गाले स्टेडियम में इतिहास रचेगी गिल की सेना, टीम इंडिया खेलेगी 600वां टेस्ट

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 15, 2026
02:00 AM
गाले स्टेडियम में इतिहास रचेगी गिल की सेना, टीम इंडिया खेलेगी 600वां टेस्ट

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के इतिहास में शनिवार, 15 अगस्त का दिन बेहद खास होने जा रहा है। श्रीलंका के खिलाफ गॉल इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में होने वाला पहला टेस्ट मैच टीम इंडिया के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि लेकर आएगा। शुभमन गिल की कप्तानी में भारतीय टीम अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने उतरेगी। इसके साथ ही भारत टेस्ट क्रिकेट में यह मुकाम हासिल करने वाली दुनिया की केवल तीसरी टीम बन जाएगी।

इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत का नाम

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा मैच खेलने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के नाम है। इंग्लैंड अब तक 1,097 टेस्ट मुकाबले खेल चुका है। ऑस्ट्रेलिया 882 टेस्ट के साथ दूसरे स्थान पर है। भारत ने अब तक 599 टेस्ट मैच खेले हैं और 600वें मुकाबले के साथ वह इस विशेष सूची में अपनी जगह और मजबूत करेगा। वेस्टइंडीज 596 टेस्ट मैचों के साथ चैथे स्थान पर है।

गॉल में चुनौती आसान नहीं

गॉल की परिस्थितियां भारतीय टीम के लिए चुनौतीपूर्ण रही हैं। भारत ने इस मैदान पर अब तक पांच टेस्ट मैच खेले हैं, जिनमें दो में जीत और तीन में हार मिली है। वहीं, श्रीलंका की धरती पर भारत ने कुल 24 टेस्ट मुकाबले खेले हैं। इनमें टीम इंडिया ने नौ मैच जीते, जबकि सात में उसे हार का सामना करना पड़ा है।

गिल और राहुल पर रहेंगी निगाहें

पहले टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल से एक बार फिर बड़ी पारी की उम्मीद होगी। उनका मौजूदा फॉर्म टीम के लिए सकारात्मक संकेत है। केएल राहुल के पास श्रीलंका में खेलने का अच्छा अनुभव है, जबकि यशस्वी जायसवाल भी शीर्ष क्रम में टीम को मजबूत शुरुआत देने की कोशिश करेंगे।

पडिक्कल की पारी ने बढ़ाया भरोसा

नंबर तीन की जिम्मेदारी के लिए देवदत्त पडिक्कल ने अपना दावा मजबूत किया है। वॉर्मअप मैच में उन्होंने 142 रनों की नाबाद पारी खेलकर शानदार फॉर्म का संकेत दिया। रवींद्र जडेजा भी बल्ले और गेंद दोनों से भारत के लिए अहम भूमिका निभा सकते हैं।

स्पिन और पेस अटैक पर दारोमदार

गॉल की परिस्थितियों में भारतीय स्पिन गेंदबाजों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। कुलदीप यादव, रवींद्र जडेजा और मानव सुथार की स्पिन तिकड़ी श्रीलंकाई बल्लेबाजों की कड़ी परीक्षा ले सकती है। तेज गेंदबाजी की अगुआई मोहम्मद सिराज करेंगे, जबकि प्रसिद्ध कृष्णा या गुरनूर बरार में से किसी एक को उनका साथ मिल सकता है।

600वां टेस्ट भारतीय क्रिकेट की लंबी और गौरवशाली यात्रा में एक और ऐतिहासिक पड़ाव होगा, जिस पर पूरी दुनिया की नजरें टिकी रहेंगी।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें