दो दशक बाद MP में फिर दौड़ीं सरकारी बसें : CM मोहन ने कहा- हम जो कहते हैं, वो करके भी दिखाते हैं

भोपाल। मध्यप्रदेश में करीब दो दशक बाद शासकीय बसों के संचालन की शुरुआत होने पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि हम जो कहते हैं, वो करके भी दिखाते हैं। उन्होंने कहा कि 'मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा' एवं 'पीएम ई-बस सेवा' के जरिए हमने अनंत चतुर्दशी के मंगल अवसर पर प्रदेशवासियों को खुशियों की अनंत सौगात दी है।
उन्होंने कहा कि 25 सितम्बर को मध्यप्रदेश के नागरिकों, विशेष रूप से दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में रहने वाले हमारे भाई-बहनों के जीवन में सुगम परिवहन से सहज परिवर्तन लाने की दिशा में एक ऐतिहासिक शुरुआत हुई है। पिछले दो दशकों से शासकीय बसों का संचालन बंद होने के कारण ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन की कमी बनी हुई थी। कई दूर-दराज के गांव मुख्य मार्गों से पर्याप्त रूप से जुड़े नहीं थे। इससे ग्रामीण क्षेत्रों के गरीब परिवारों, किसानों और विद्यार्थियों को आने-जाने के लिए सीमित साधनों पर निर्भर रहना पड़ता था।
संकल्प पत्र में किया था वादा
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि शासकीय बस सेवा शुरू करने का उल्लेख सरकार के संकल्प पत्र में भी किया गया था। शुक्रवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में सेवा का शुभारंभ कर इस संकल्प को पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश के नागरिकों को बेहतर, सुलभ और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराना है।
1500 बसों से शुरुआत, 2029 तक 15 हजार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में शुक्रवार से 1500 बसों के संचालन के साथ सेवा की शुरुआत की गई है। सरकार ने वर्ष 2029 तक इस संख्या को बढ़ाकर 15 हजार बसें करने का लक्ष्य तय किया है। इसके माध्यम से प्रदेश के अधिक से अधिक गांवों और कस्बों को सार्वजनिक परिवहन सुविधा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुगम परिवहन सेवा से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। सरकार का प्रयास है कि परिवहन की बेहतर सुविधा के माध्यम से गांव और शहर के बीच संपर्क और मजबूत हो।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
