भोपाल मास्टर प्लान 2047 : 13 हजार आपत्तियों पर हुजूर में सुनवाई शुरू, आपत्तिकर्ताओं ने उठाए बड़े सवाल, सांसद-विधायकों ने रखा अपना पक्ष

भोपाल। राजधानी भोपाल मास्टर प्लान 2047 की तस्वीर तय करने वाले ड्राफ्ट पर सोमवार से सुनवाई शुरू हो गई है। लालघाटी के आगे नवनिर्मित हुजूर तहसील कार्यालय में आयोजित इस सुनवाई में करीब 13 हजार आपत्तियों फैसला लिया जाएगा। पहले दिन हुई सुनवाई में भोपाल सांसद आलोक शर्मा, हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा और विधायक भगवानदास सबनानी सहित कई जनप्रतिनिधि और आपत्तिकर्ताओं ने अपनी समस्याएं और सुझाव प्रशासन के सामने रखे।
सुनवाई के दौरान आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों, सड़कों की स्थिति, मंडियों और शहर के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे सामने आए। सुनवाई के बाद बाहर निकले सांसद आलोक शर्मा ने बताया कि मास्टर प्लान को लेकर विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई है। उन्होंने भोपाल की लोहा मंडी, किराना मंडी सहित अन्य महत्वपूर्ण मामलों को भी सुनवाई के दौरान अधिकारियों के सामने रखा। उनका कहना था कि शहर के व्यापारिक क्षेत्रों और उनकी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान तैयार किया जाना चाहिए।
सिंहस्थ 2028 से पहले पश्चिमी बायपास पूरा करने की मांग
वहीं हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने भी सुनवाई में अपना पक्ष रखते हुए पश्चिमी बायपास को भोपाल के लिए जरूरी बताया। उन्होंने मास्टर प्लान 2047 पर शुरू हुई यह सुनवाई भोपाल के आगामी विकास की दिशा तय करने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
सुनवाई में पहुंचे आपत्तिकर्ता विवेक त्रिपाठी ने आवासीय क्षेत्रों में व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। उन्होंने सुनवाई स्थल को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आपत्ति दर्ज कराने वाले लोगों को कई किलोमीटर दूर बुलाया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं, शिकायतकर्ता प्रदीप ने भोपाल की सड़कों की स्थिति को लेकर अपनी आपत्ति रखी। उन्होंने शहर की सड़क व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि ब्यूरोक्रेसी का कामकाज ठीक नहीं है। उन्होंने मास्टर प्लान में सड़क और यातायात से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से विचार करने की जरूरत बताई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
