शुक्रवार, 24 जुलाई 202610:07:44 PM
Download App
Home/देश

सवाल जो कोई नहीं पूछता : 20 जुलाई : सोशल मीडिया की सात तस्वीरें… और सात सवाल, जो शायद हम सब से जवाब माँग रहे हैं

admin

admin

Jul 24, 2026
11:48 AM
20 जुलाई : सोशल मीडिया की सात तस्वीरें… और सात सवाल, जो शायद हम सब से जवाब माँग रहे हैं

- UMEESH GUPTA

"कभी-कभी एक दिन, पूरे दौर का आईना बन जाता है। उस दिन जो तस्वीरें सोशल मीडिया पर तैर रही थीं, वे केवल तस्वीरें नहीं थीं; वे हमारे समय के चेहरे थे। उन्हें देखकर लगा जैसे किसी ने एक साथ सात आईने हमारे सामने रख दिए हों। हर आईने में भारत का एक अलग चेहरा दिखाई दे रहा था। सवाल यह नहीं कि उन तस्वीरों में कौन सही था और कौन गलत। सवाल यह है कि क्या हमने उन तस्वीरों के पीछे छिपे प्रश्नों को देखने की कोशिश की?"

20 जुलाई बीत गई। सोशल मीडिया पर नए विषय ट्रेंड करने लगे। नई बहसें शुरू हो गईं। लेकिन कुछ तस्वीरें ऐसी थीं, जो स्क्रीन से उतरकर मन में रह गईं।वे केवल घटनाओं की तस्वीरें नहीं थीं, वे हमारे समाज की तस्वीरें थीं।

उनमें लोकतंत्र भी था,

संवेदना भी,

क्रोध भी,

कविता भी,

माँ की चिंता भी,

पिता का मौन भी,

और सबसे बढ़कर - देश के युवाओं का भविष्य भी।

उन सात तस्वीरों को देखते हुए मेरे मन में सात सवाल उठे।

अजीब बात यह है कि इन सवालों का उत्तर शायद किसी सरकार, किसी विपक्ष, किसी अदालत या किसी टीवी डिबेट के पास नहीं है। इनका उत्तर हमें एक समाज के रूप में खोजना होगा। क्योंकि अगर समाज प्रश्न पूछना छोड़ दे, तो इतिहास उत्तर देना भी छोड़ देता है।

पहली तस्वीर… विरोध या गद्दारी?

20 जुलाई के बाद सोशल मीडिया पर एक पंक्ति बार-बार दिखाई दी_

"जहाँ विरोध और विरोधियों को गद्दार मानने का भाव हो, वहाँ लोकतंत्र समाप्त होने लगता है और तानाशाही जन्म लेने लगती है।"

यह पंक्ति किसने लिखी, इससे अधिक महत्वपूर्ण यह था कि लाखों लोगों ने इसे क्यों साझा किया क्योंकि यह केवल एक वाक्य नहीं था।

यह एक डर था...एक आशंका थी...एक बेचैनी थी।

लोकतंत्र केवल चुनाव का नाम नहीं है। लोकतंत्र का सबसे सुंदर पक्ष यह है कि वहाँ असहमति को भी जगह मिलती है।मतभेद हमेशा राष्ट्र-विरोध नहीं होते और हर विरोध करने वाला व्यक्ति राष्ट्र का शत्रु भी नहीं होता।सवाल यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि विरोध कैसा हो - शांतिपूर्ण, जिम्मेदार और लोकतांत्रिक। लेकिन उससे पहले एक और प्रश्न है_

क्या हमने अपने बच्चों को इतना विश्वास दिया है कि वे अपनी बात बिना डर के कह सकें? या हमने उन्हें यह सिखा दिया है कि सवाल पूछना भी जोखिम भरा काम है?

क्योंकि जहाँ बच्चे प्रश्न पूछने से डरने लगें…वहाँ केवल कक्षाएँ नहीं, समाज भी मौन होने लगता है।

और शायद...

यही सवाल कोई नहीं पूछता।

दूसरी तस्वीर… जब कविता, खबर से बड़ी हो गई

उसी दिन सोशल मीडिया पर एक कविता भी लाखों लोगों ने साझा की, "ज़हरा निगाह" की वे पंक्तियाँ-

"सुना है जंगलों का भी कोई दस्तूर होता है,

हवा के तेज़ झोंके जब दरख्तों को हिलाते हैं,

तो मैना अपने बच्चे छोड़कर कौवे के अंडों को परों से थाम लेती है।

और सुना है घोंसले से कोई बच्चा गिर पड़े,

तो सारा जंगल जाग जाता है।

सुना है जंगलों का भी कोई दस्तूर होता है...

कविता ने किसी का नाम नहीं लिया,किसी पर आरोप नहीं लगाया, लेकिन फिर भी लाखों लोगों ने उसमें अपने समय की पीड़ा पढ़ ली,यही कविता की ताकत है। जब समाज की संवेदनाएँ शब्द खोजती हैं, तो कई बार कविता बोलती है,

क्योंकि कविता मनुष्य को सफल नहीं बनाती...वह उसे संवेदनशील बनाती है और संवेदनशील समाज कभी हिंसा पर ताली नहीं बजाता....

और यही है वह "सवाल जो कोई नहीं पूछता।

तीसरी तस्वीर… इतिहास सब याद रखता है

तीसरी तस्वीर किसी एक व्यक्ति ने उस दिन हुए घटनाक्रम पर बनाया है ,वह कहते है -

मैंने इतिहास देखा है। समय ने किसी को नहीं छोड़ा। इतिहास का सबसे बड़ा सच यही है कि "सत्ता कभी अमर नहीं होती" लेकिन उसके लिए गए फैसलों का बोझ सदियों तक इंसान ढोता है। याद रखिए इतिहास तलवार की धार नहीं गिनता इतिहास यह गिनता है की तलवार किस पर चली थी और जब आने वाली पीढ़ी पूछेंगी उसे दौर में लोग क्या कह रहे थे तो उम्मीद है कि कुछ लोग यह कह सकेंगे कि हमने नफरत नहीं चुनी थी हमने सवाल चुने थे हमने हिंसा नहीं चुनी थी हमने सच बोलना चुना था ।

आज जो छात्र सड़कों पर हैं...कल वही डॉक्टर होंगे...इंजीनियर,वैज्ञानिक, न्यायाधीश या प्रशासक होंगे, और शायद किसी दिन इसी देश का नेतृत्व भी करेंगे, इसलिए हर पीढ़ी को यह तय करना होता है कि वह अपने युवाओं को विरासत में क्या दे रही है-

विश्वास...या भय?

संवाद...या दूरी?

उम्मीद...या अविश्वास?

और शायद...यही सवाल कोई नहीं पूछता।

चौथी तस्वीर… वर्दी के इस पार भी बेटा था, उस पार भी,

20 जुलाई की सबसे चर्चित तस्वीरों में एक तस्वीर थी, जिसमे एक भारतीय छात्र कथित लाठी चार्ज पर दिल्ली पुलिस को संबोधित करते हुए कहता है -

थक गए होगे? नींद तो आ जाएगी ना आज रात को?

तकलीफ इस बात की नहीं रहेगी कि तुम लाठी नहीं मारते... मारना या ना मारना तुम्हारे हाथ में था ही नहीं, तुम तो अपना काम कर रहे थे, हम समझते हैं।

तकलीफ इस बात की जरूर रहेगी कि तुम थोड़ा धीरे से मारते... इतने धीरे से कि चोट नहीं लगती! तुमने चुनाव किया है कि मुझे कितनी जोर से वो लाठी घुमानी है, और इस चुनाव के साथ तुमको आजीवन जीना पड़ेगा, याद रखना।

जब व्यवस्था और युवा आमने-सामने खड़े हो जाएँ, तब सबसे बड़ी हार किसी एक पक्ष की नहीं होती…हार "संवाद" की होती है।किसी भी लोकतंत्र की सबसे बड़ी सफलता यह नहीं कि विरोध दबा दिया जाए।सबसे बड़ी सफलता यह है कि विरोध, संवाद में बदल जाए।क्योंकि लाठी से रास्ता खाली कराया जा सकता है…दिल नहीं जीते जा सकते।

और संवाद से शायद दोनों बच सकते हैं -

व्यवस्था भी…और विश्वास भी।

और शायद...यही सवाल कोई नहीं पूछता।

पाँचवीं तस्वीर… उस अभिभावक की आँखों में कौन झाँकेगा?

नीट परीक्षा विवाद – माता-पिता का छलकता दर्द_

दृश्य 1: रिपोर्टर/एंकर का वक्तव्य_ "मैं इस प्रदर्शन में कई ऐसे पिताओं से मिली जो फुट-फुटकर रो रहे थे। मैंने अपनी ज़िंदगी में कभी अपने बाप को रोते नहीं देखा... लेकिन इस प्रोटेस्ट में इतने पिताओं को टूटते और रोते देखा, जो दिल दहला देने वाला है।"

दृश्य 2: एक पीड़ित पिता की आपबीती

पिता: "मेरा बच्चा भी नीट (NEET) का एग्जाम दिया था। वह इतने फ्रस्ट्रेशन में था... मुझसे कहता, 'पापा, मैं मर जाऊं?' आप बताइए, ऐसे में कोई पिता क्या करे? बस यही स्थिति बनी हुई है..."

दृश्य 3: भविष्य और लोकतंत्र की लड़ाई

पिता: "मैं सिर्फ अपनी बेटी के लिए यहाँ नहीं आया हूँ... मैं आने वाली पीढ़ी के लिए, और इस देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए यहाँ आया हूँ।"

उस दिन सोशल मीडिया पर एक और तस्वीर बार-बार दिखाई दी। किसी माँ का चेहरा, किसी पिता की बेचैनी, किसी घायल बच्चे के सिर पर काँपता हुआ हाथ। कितने पिता पूरी रात मोबाइल हाथ में लेकर समाचार देखते रहे? कितने घरों में बार-बार एक ही सवाल पूछा गया_ "बेटा… तुम ठीक तो हो ना?"उस तस्वीर को देखकर मुझे अचानक वर्षों पहले की एक घटना याद आ गई।एक माँ ने कहा था_"मेरे बच्चे को दर्द हो, तो दर्द मुझे होता है।" मन ने पूछा_ "क्या हमने कभी किसी आंदोलन के पीछे खड़े माँ-बाप के आँसू देखने की कोशिश की है?" या हम केवल नारे सुनते रह गए? और शायद... यही सवाल कोई नहीं पूछता।

छठी तस्वीर… क्या हमने बच्चों को सपने दिए हैं… या बोझ?

एक मां कहती है कि _ "आज न मुझे सिस्टम पर गुस्सा नहीं आ रहा... तरस आ रहा है। पता है क्यों ? समझाती हूं।

मेरा बेटा है 20 साल का... Gen Z, ऑटिस्टिक। न्यू टर्मिनोलॉजी में दिव्यांग - वही।

पिछले 18 साल से एक ही कोशिश है कि वो बोल पाए, बता पाए कि उसको क्या तकलीफ है, उसे क्या चाहिए। आपके बच्चे बता पा रहे हैं... मैं पूरी जिंदगी निकाल दूंगी इसे अचीव करने में, और यह देश है... जिसके बच्चे चुप बैठे थे, बोल नहीं पा रहे थे, फाइनली बता पा रहे हैं उन्हें क्या चाहिए, उन्हें क्या तकलीफ है। पर हम सुनना नहीं चाहते। जब बच्चे लाठी खा रहे थे ना, तो हर उस बच्चे में मुझे अपना बेटा दिख रहा था। जो बोलना चाहता है, बताना चाहता है, अपनी आवाज निकालना चाहता है... पर पता नहीं क्या रोके बैठा है उसे। और आप अपने बच्चों को खुद चुप करा रहे हो?

मत बनाओ... मत बनाओ उन्हें दिव्यांग, बोल पा रहे हैं तो प्लीज सुन लो... मुझसे ज्यादा कोई नहीं जानता यह कितना इम्पाॉर्टेंट है।"

और शायद...यही सवाल कोई नहीं पूछता।

सातवीं और अंतिम तस्वीर जिसमे एक आंदोलनकारी बच्चा कहता है कि _

मैं इस पल को याद रखना चाहता हूँ। इसलिए नहीं कि इसके तुरंत बाद टियर गैस और उससे पहले लाठीचार्ज आया... पर इसलिए क्योंकि एक अंकल-आंटी थे जो प्रोटेस्ट का हिस्सा नहीं थे, यह एक चौराहा है जहाँ जनरल पब्लिक भी थी। वो कपल अपने स्कूटी से उतरा और हेलमेट पहने ही साथ में नारे लगाने लगे.."भारत माता की जय!" खुशी से लोग और ज़ोर से चिल्लाने लगे।

इसलिए याद रखना चाहता हूँ क्योंकि बारिश हो रही थी पूरे दिन, but the rain only inflamed the fire inside the protestors.....इसलिए याद रखना चाहता हूँ क्योंकि सुबह लग रहा था कि मार्च हो ही ना पाए, क्योंकि जंतर-मंतर को पूरा बैरिकेड कर दिया था। पर हुई! और इस पल में हमें विश्वास नहीं हो रहा था कि इतने सारे लोग यहाँ हैं, और जो नहीं हैं उनके भी दिल यहीं हैं।कितने सालों बाद ऐसा हुआ है कि सब लोग एक चीज़ के लिए लड़ रहे हैं।

Resistance begins from anger, but it is built on joy. The joy of togetherness, through beautiful songs, through funny placards and collective help. कोई आपको सुबह बिस्किट दे देगा कि इससे आप नाश्ता करो, कोई भीड़ में आपको खींच के दीवार पर बैठा देगा। This is a turning point, not just in the history of this country, but in our own stories. But if we remember the 20th of July for the new low to which the establishment has stooped to, let us also remember it for the new high that the people have risen to. They may have hurt some of the resisters, but the heart of resistance is stronger than ever.

चलते चलते....

20 जुलाई अब कैलेंडर की एक तारीख़ भर है।कुछ वर्षों बाद शायद किसी को याद भी न रहे कि उस दिन कौन सत्ता में था...कौन विपक्ष में...किसने क्या कहा...किसने क्या ट्वीट किया...लेकिन मुझे विश्वास है कि इतिहास उस दिन को किसी और कारण से याद रखेगा,क्योंकि उस दिन भारत ने स्वयं को सात अलग-अलग तस्वीरों में देखा था_

एक तस्वीर में लोकतंत्र था,

एक में कविता,

एक में असहमति,

एक में वर्दी,

एक में माँ की आँखें,

एक में पिता की खामोशी,

एक में युवाओं के सपने,

और आख़िरी तस्वीर में...हम सब थे।

क्योंकि अंततः यह कहानी किसी सरकार की नहीं..किसी संगठन की नहीं...किसी विचारधारा की भी नहीं...यह कहानी उस समाज की है, जो तय करेगा कि वह अपने बच्चों को कैसा भविष्य देना चाहता है। ऐसा भविष्य...जहाँ प्रश्न पूछने से डर लगे?..या ऐसा भविष्य...जहाँ संवाद, असहमति और संवेदना_तीनों साथ चल सकें?

घर लौटकर मैंने अपने बेटी की तस्वीर देखी...और मन में एक ही विचार आया_हर आंदोलन में केवल नारे नहीं होते,

हर भीड़ में केवल चेहरे नहीं होते,हर छात्र के पीछे एक परिवार होता है और हर परिवार के पीछे एक सपना।अगर हम उन सपनों की रक्षा नहीं कर पाए...तो शायद हम केवल एक पीढ़ी नहीं हारेंगे...हम अपना भविष्य हार जाएँगे और इस पूरे घटनाक्रम के बाद...

मेरे मन में केवल एक ही प्रश्न बचा -

इतिहास हमेशा राजाओं और सरकारों का नहीं लिखा जाता।

कई बार इतिहास उन बच्चों की आँखों में लिखा जाता है, जो अपने समय से सिर्फ़ इतना पूछते हैं कि 'क्या हमारे सपनों की कोई कीमत है? 'जिस दिन समाज इस प्रश्न का ईमानदारी से उत्तर दे देगा, उस दिन शायद ऐसे आंदोलनों की ज़रूरत ही नहीं बचेगी।

लेखक TV 27 News में 'कंसल्टिंग एडिटर एवं वाइस प्रेसिडेंट" एवं " मीडिया प्रबंधन" में PhD शोधार्थी हैं


admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें