मंगलवार, 22 सितंबर 202610:37:16 PM
Download App
Home/देश

संध्या मेरी बेटी जैसी, : कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान पर दी सफाई, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 22, 2026
07:57 AM
कैलाश विजयवर्गीय ने विवादित बयान पर दी सफाई, कांग्रेस को लिया आड़े हाथ

इंदौर। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की एक महिला पार्षद के बॉडी शेप को लेकर की गई टिप्पणी पर सियासत गरमा गई है। विवादित टिप्पणी पर कांग्रेस नेताओं ने मंत्री पर निशाना साधा। साथ ही बयान को महिलाओं के सम्मान से जोड़कर भाजपा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर दिए गए बयान पर विवाद बढ़ने के बाद अब विजयवर्गीय ने अपने बयान पर खेद जताते हुए सोशल मीडिया पर सफाई दी है। साथ ही संध्या यादव को अपनी बेटी जैसा बताया।

बयान के शब्दों को कांग्रेस ने गलत तरीके से उठाया

मंत्री विजयवर्गीय ने अपने वीडियो संदेश खेद प्रकट करते हुए कहा कि उनके बयान के शब्दों को कांग्रेस के लोगों ने गलत तरीके से उठाया। विवादित टिप्पणी के बाद सामने आए इस स्पष्टीकरण में विजयवर्गीय ने संध्या यादव को ‘अपनी बेटी जैसी’ बताया। उन्होंने कहा कि मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया। संध्या यादव को मैंने बचपन में गोद में खिलाया है और उनके साथ उनका पारिवारिक संबंध जैसा भाव है। साथ ही उन्होंने अपने बयान पर खेद व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य संध्या यादव को लेकर किसी तरह की गलत टिप्पणी करना नहीं था। विजयवर्गीय ने कहा कि इस पूरे मामले को मीडिया में जगह मिलने से उन्हें दुख हुआ है और उन्होंने स्पष्ट तौर पर कहा कि वह अपने बयान को लेकर खेद प्रकट करते हैं।

विकास कार्यों के कार्यक्रम में दिया था बयान

यह पूरा मामला इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र के एक वार्ड में आयोजित विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह से जुड़ा है। कार्यक्रम में कैलाश विजयवर्गीय बतौर अतिथि शामिल हुए थे। मंच से संबोधन के दौरान वह वहां मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं का नाम ले रहे थे।

इसी दौरान मंच पर बैठे महेंद्र नाम के एक कार्यकर्ता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें महेंद्र दिखाई ही नहीं दिए। इसके बाद उन्होंने मंच पर मौजूद महिला पार्षद संध्या यादव को लेकर टिप्पणी की। उनका यह बयान बाद में चर्चा में आ गया और सोशल मीडिया पर भी प्रसारित होने लगा।

विवाद बढ़ने के बाद विजयवर्गीय ने अपनी सफाई जारी की। उन्होंने कहा कि उनके मन में संध्या यादव को लेकर किसी तरह की गलत भावना नहीं थी और उनके बयान को कांग्रेस नेताओं ने गलत तरीके से पेश किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें