मंगलवार, 22 सितंबर 202612:29:56 PM
Download App
Home/देश

बैरागढ़ ब्रिज निर्माण में लापरवाही पर लाल हुए PWD मंत्री : अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार, कपंनी पर एक्शन लेने दिए निर्देश

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 22, 2026
11:06 AM
अधिकारियों को लगाई कड़ी फटकार, कपंनी पर एक्शन लेने दिए निर्देश

भोपाल। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने बैरागढ़ में निर्माणाधीन ब्रिज और आसपास के मार्ग का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उनके साथ हुजूर से भाजपा विधायक रामेश्वर शर्मा भी थे। मंत्री ने विधायक के साथ पूरे मार्ग का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान निर्माण स्थल पर अव्यवस्थाएं मिलने और कार्य में लापरवाही सामने आने पर मंत्री राकेश सिंह ने अधिकारियों को सख्त तेवर भी दिखाए और तत्काल व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए निर्देश दिए।

सड़क मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पर जताई नाराजगी

निरीक्षण के दौरान सड़क की मरम्मत नहीं होने, कई स्थानों पर पथ प्रकाश व्यवस्था बंद रहने और निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं होने की स्थिति सामने आई। इस पर मंत्री राकेश सिंह ने संबंधित अधिकारियों को हिदायत हुए कहा कि निर्माण कार्य के साथ आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा का भी पूरा ध्यान रखा जाए। मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और आम नागरिकों की सुविधा में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अगले 15 दिनों के भीतर सड़क, पथ प्रकाश और सुरक्षा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। साथ ही निर्माण कार्य में लापरवाही बरतने वाली संबंधित कंपनी पर जुर्माना लगाने के भी निर्देश दिए।

सिविल अस्पताल के पास भी सुधार के निर्देश

मंत्री ने सिविल अस्पताल के पास की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। यहां फैली अव्यवस्था को लेकर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पताल के आसपास आने-जाने वाले लोगों और मरीजों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

तय समयसीमा में पूरा करना होगा काम

बैरागढ़ ब्रिज निर्माण कार्य को अक्टूबर तक पूरा करने की समयसीमा निर्धारित की गई है। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाई जाए और किसी भी स्थिति में काम को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने हर हाल में निर्धारित समयसीमा के अनुसार कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें