मंगलवार, 22 सितंबर 202612:21:21 PM
Download App
Home/देश

अब बिना डेटा के भी चलेगा मोबाईल : ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों को दिए निर्देश, कम आय वाले उपभोक्ताओं के लिए है राहतभरी खबर

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 22, 2026
10:53 AM
ट्राई ने दूरसंचार कंपनियों को दिए निर्देश, कम आय वाले उपभोक्ताओं के लिए है राहतभरी खबर

नई दिल्ली। मोबाइल में इंटरनेट का इस्तेमाल नहीं करने वाले ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) ने कम आय वाले दूरसंचार उपभोक्ताओं के लिए नए नियम जारी किए हैं। जिनके तहत दूरसंचार कंपनियों को केवल बातचीत और संदेश वाले अधिक रिचार्ज विकल्प देने होंगे। दरअसल ट्राई ने दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को कम वैधता वाले केवल वॉइस कॉल और एसएमएस प्लान पेश करने का निर्देश दिया है। इस निर्णय से उन उपभोक्ताओं को अधिक किफायती और लचीले रिचार्ज विकल्प मिलेंगे, जिन्हें डेटा सेवाओं की आवश्यकता नहीं है।

कम अवधि वाले रिचार्ज भी मिलेंगे

ट्राई के इस कदम से उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यकताओं और वित्तीय क्षमता के अनुसार रिचार्ज करने के अधिक विकल्प मिलेंगे। नए नियम के अनुसार, यदि किसी कंपनी के पास 28 दिन की अवधि वाला बातचीत, संदेश और इंटरनेट से जुड़ा रिचार्ज है, तो उसे उसी अवधि का केवल बातचीत और संदेश वाला विकल्प भी देना होगा। इसी तरह 30 दिन या उससे कम अवधि वाले अन्य रिचार्ज के लिए भी बिना इंटरनेट वाले विकल्प उपलब्ध कराने होंगे। इससे उन ग्राहकों को राहत मिल सकती है जिन्हें मोबाइल इंटरनेट की जरूरत नहीं है और वे केवल बातचीत या संदेश के लिए मोबाइल का इस्तेमाल करते हैं।

कीमत में करनी होगी उचित कमी

नए नियम में यह नहीं कहा गया है कि किसी खास अवधि के रिचार्ज की एक निश्चित कीमत होगी। कंपनियां अपनी कीमत तय कर सकेंगी, लेकिन इंटरनेट सुविधा हटाने के बाद कीमत में उचित कमी करनी होगी। यानी ग्राहक को ऐसी सुविधा के लिए भुगतान नहीं करना पड़ेगा जिसका वह इस्तेमाल ही नहीं करता।

छोटे रिचार्ज की कमी भी होगी दूर

प्राधिकरण के अनुसार, पहले केवल बातचीत और संदेश वाले रिचार्ज की संख्या सीमित थी। इनमें ज्यादातर लंबे समय की अवधि वाले रिचार्ज उपलब्ध थे। छोटे समय के विकल्प कम होने के कारण ग्राहकों को या तो महंगा लंबी अवधि वाला रिचार्ज लेना पड़ता था या फिर इंटरनेट सुविधा वाले रिचार्ज के लिए भुगतान करना पड़ता था। नए नियम से कम आय वाले ग्राहकों, ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों, बुजुर्गों और साधारण मोबाइल इस्तेमाल करने वालों के लिए विकल्प बढ़ सकते हैं।

हर महीने एक ही तारीख पर नवीनीकरण

नए नियम में हर महीने नवीनीकरण वाले कम से कम एक केवल बातचीत और संदेश वाले रिचार्ज का प्रावधान भी किया गया है। यदि किसी महीने वही तारीख उपलब्ध नहीं होगी, तो उस महीने की आखिरी तारीख को नवीनीकरण किया जाएगा। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि सभी 28 दिन वाले रिचार्ज अपने आप 30 दिन के हो जाएंगे। नियम लागू होने के बाद कंपनियों को तय शर्तों के अनुसार ऐसे विकल्प उपलब्ध कराने होंगे।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें