काशी बनेगी वायुसेना के शौर्य की साक्षी : नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक होगा भव्य एयर शो, तैयारियों को लेकर योगी ने हाईलेवल मीटिंग

लखनऊ। देवाधिदेव महादेव की पावन नगरी काशी भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और सामर्थ्य की साक्षी बनने जा रही है। गंगा के किनारे बसे नमो घाट पर 24 से 26 अक्टूबर तक भव्य एयर शो प्रस्तावित है। आसमान में भारतीय वायुसेना के विमानों की गर्जना के बीच काशी की सनातन सांस्कृतिक विरासत और देश के सामरिक सामर्थ्य का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। 25 अक्टूबर को प्रस्तावित मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की उपस्थिति संभावित है।
मुख्यमंत्री ने की तैयारियों की समीक्षा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को एयर शो की तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इसमें भारतीय वायुसेना के अधिकारियों के साथ वाराणसी के जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने आयोजन की पूरी कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण किया। अधिकारियों ने दर्शक दीर्घाओं, भव्य मंच, विशिष्ट एवं अतिविशिष्ट अतिथियों के क्षेत्र, मीडिया क्षेत्र, प्रवेश-निकास मार्ग और सुरक्षा जांच केंद्र सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी दी।
भीड़ प्रबंधन पर रहेगा विशेष जोर
नमो घाट और गंगा के तटवर्ती क्षेत्रों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए क्षेत्र को अलग-अलग जोन और सेक्टर में बांटकर प्रबंधन की योजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आम नागरिकों में एयर शो को लेकर उत्सुकता है, इसलिए भीड़ प्रबंधन, यातायात, पार्किंग और स्थल चिन्हांकन की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए।
पेयजल, चिकित्सा और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि दर्शकों के आवागमन के रास्ते स्पष्ट और सुगम हों। प्रत्येक क्षेत्र में पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा, स्वच्छता और सुरक्षा की पर्याप्त व्यवस्था रहे। प्रशिक्षित पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ प्रत्येक सेक्टर में मजिस्ट्रेट की भी सुनियोजित तैनाती करने के निर्देश दिए गए हैं।
घाटों और आसपास के जिलों पर भी नजर
मुख्यमंत्री ने कहा कि एयर शो के दौरान नमो घाट के अलावा काशी के प्रमुख घाटों और आसपास के क्षेत्रों में भी बड़ी भीड़ जुट सकती है। ऐसे में घाटों पर भीड़ नियंत्रण, यातायात, पार्किंग और जल व थल मार्ग से आवागमन की व्यवस्थाओं को एकीकृत योजना के तहत संचालित किया जाए। सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं का पूर्वाभ्यास कराने के भी निर्देश दिए गए हैं।
सभी विभागों में बेहतर समन्वय के निर्देश
मुख्यमंत्री ने वाराणसी मंडल के सभी जिलों के अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने को कहा। आसपास के जिलों से आने वाले लोगों की आवाजाही को देखते हुए मानव संसाधन और अन्य व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किया जाएगा। भारतीय वायुसेना, जिला प्रशासन, पुलिस और संबंधित विभागों को तय समयसीमा में तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि काशी आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और आम नागरिकों को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
