सरकार और संगठन में नहीं समन्वय : जीतू पटवारी का गंभीर आरोप, मंत्रियों के फोन नहीं उठाने को लेकर सीएम को भी घेरा

भोपाल। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह शनिवार को भोपाल दौरे पर हैं। उनके राजधानी दौरे के बीच मप्र कांग्रेस ने राज्य सरकार को अपने निशाने पर ले लिया है। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने प्रदेश में सरकार और भाजपा संगठन के बीच समन्वय नहीं होने का आरोप लगाते हुए अपराध, भ्रष्टाचार, कुपोषण और जनहित से जुड़े कई मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगा।
सरकार और संगठन में तालमेल नहीं होने का आरोप
संवाददाताओं से बातचीत में पटवारी ने दावा किया कि मध्य प्रदेश में भाजपा संगठन और सरकार के बीच आपसी समन्वय की कमी है। उन्होंने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मंत्रियों के फोन नहीं उठाने का आरोप भी लगाया। पटवारी ने कहा कि प्रदेश में सामने आ रही घटनाओं और मौतों की राजनीतिक जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
उन्होंने छिंदवाड़ा में कफ सिरप से बच्चों की मौत और जहरीली शराब से हुई मौतों का जिक्र करते हुए सवाल उठाया कि इन घटनाओं की राजनीतिक जिम्मेदारी किसकी है और संबंधित विभागों ने क्या कार्रवाई की।
कुपोषण और आदिवासी योजनाओं पर सवाल
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने आदिवासियों के लिए संचालित योजनाओं में कथित भ्रष्टाचार का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में लंबे समय से भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद कुपोषण की समस्या गंभीर बनी हुई है।
पटवारी ने कहा कि केंद्र सरकार के वरिष्ठ नेता के तौर पर अमित शाह को प्रदेश की इन समस्याओं को लेकर मुख्यमंत्री, मंत्रियों और संगठन से सवाल करना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जनता इन मुद्दों पर जवाब चाहती है।
इंदौर दूषित पानी मामले का भी उठाया मुद्दा
पटवारी ने इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी से हुई मौतों का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने इस घटना का उल्लेख करते हुए राजनीतिक जवाबदेही तय करने की मांग की। उनका कहना है कि ऐसी घटनाओं पर सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए और जिम्मेदारी तय करनी चाहिए।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
