हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर अध्याय का शुभारंभ : CM बोले- उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर रही सरकार, 1.67 लाख रुपये हुई प्रति व्यक्ति आय

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश उद्योगों के लिए आवश्यक सुविधाओं और संसाधनों की उपलब्धता के मामले में अग्रणी राज्यों में शामिल है। प्रदेश में पर्याप्त बिजली, भूमि और पानी उपलब्ध है। सरकार उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार करने के साथ नए क्षेत्रों में निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। धार्मिक पर्यटन और चिकित्सा पर्यटन जैसे क्षेत्रों में भी विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।
मुख्यमंत्री शनिवार शाम इंदौर के होटल शेरेटन में हिंदू इकोनॉमिक फोरम के इंदौर अध्याय के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने ‘अर्थ अभ्युदय’ विषय पर मुख्य संबोधन दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली की पर्याप्त उपलब्धता है और अतिरिक्त बिजली भी मौजूद है। उद्योगों की स्थापना के लिए भूमि की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पर्याप्त भूमि बैंक तैयार किया गया है। साथ ही सौर ऊर्जा और जल आधारित ऊर्जा के स्रोतों को मजबूत करने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
उद्योगों के लिए बेहतर वातावरण तैयार कर रही सरकार
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के नए क्षेत्रों पर लगातार काम किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि निवेशकों को आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराकर औद्योगिक विकास को गति दी जाए। उन्होंने कहा कि उद्योगों के विकास से प्रदेश की आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास के लिए अब तक हुए समझौता ज्ञापनों को जमीन पर उतारने में सफलता मिल रही है। सरकार की मंशा है कि निवेश संबंधी प्रस्तावों को वास्तविक परियोजनाओं में बदला जाए। इसके लिए उद्योगों की जरूरतों के अनुसार सुविधाएं उपलब्ध कराने और अनुकूल वातावरण तैयार करने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
11 हजार से बढ़कर 1.67 लाख रुपये हुई प्रति व्यक्ति आय
मुख्यमंत्री ने प्रदेश की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्ष 2002-03 में मध्यप्रदेश की प्रति व्यक्ति आय लगभग 11 हजार रुपये थी। वर्ष 2022 तक यह बढ़कर 1 लाख 40 हजार रुपये और वर्ष 2026 में 1 लाख 67 हजार रुपये हो गई है।
उन्होंने कहा कि आर्थिक विकास के लिए निरंतर प्रयास जरूरी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आर्थिक प्रगति को गति मिली है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योगों के विस्तार से आर्थिक विकास के साथ रोजगार के अवसर भी बढ़ रहे हैं। उद्यमियों की भूमिका देश की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
