गुरुवार, 24 सितंबर 202610:50:45 PM
Download App
Home/देश

स्कूल शिक्षा विभाग की बड़ी पहल : अहमदाबाद के भ्रमण पर जाएंगे ओलंपियाड होनहार विद्याथी, 27 सितंबर को रवाना होगा 630 सदस्यीय दल

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 24, 2026
10:24 AM
अहमदाबाद के भ्रमण पर जाएंगे ओलंपियाड होनहार विद्याथी, 27 सितंबर को रवाना होगा 630 सदस्यीय दल

भोपाल। मध्यप्रदेश के विद्यार्थियों को कक्षा की पढ़ाई से आगे बढ़कर व्यावहारिक ज्ञान और नए अनुभवों से जोड़ने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग अहमदाबाद का तीन दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण आयोजित कर रहा है। प्रदेश के ओलंपियाड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को इस एक्सपोजर विजिट का मौका मिल रहा है। 630 सदस्यीय दल रविवार को अहमदाबाद के लिए रवाना होगा। रानी कमलापति रेलवे स्टेशन से स्कूल स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

इस दल में प्रदेश के करीब 520 विद्यार्थी, 104 शिक्षक और विभाग के 6 कंट्रोल ऑफिसर शामिल होंगे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को अहमदाबाद के प्रमुख शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक संस्थानों के साथ विज्ञान केंद्र, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों का अवलोकन कराया जाएगा। स्कूल शिक्षा विभाग की यह पहल विद्यार्थियों को किताबों और कक्षा-कक्ष तक सीमित अध्ययन से आगे ले जाकर प्रत्यक्ष अनुभव के माध्यम से सीखने का अवसर देगी।

65 हजार विद्यार्थियों ने दी थी ओलंपियाड परीक्षा

स्कूल शिक्षा विभाग के अनुसार, शैक्षणिक सत्र 2025-26 में कक्षा 9वीं और 10वीं के विद्यार्थियों के लिए गणित एवं विज्ञान विषयों में ओलंपियाड परीक्षा आयोजित की गई थी। इस परीक्षा में प्रदेशभर से करीब 65 हजार विद्यार्थियों ने सहभागिता की थी। इनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए एक्सपोजर विजिट का अवसर प्रदान किया जा रहा है।

इस पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों में अध्ययन के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उनकी प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थी विभिन्न संस्थानों की कार्यप्रणाली को करीब से समझ सकेंगे और पाठ्यक्रम में पढ़ी गई अवधारणाओं को वास्तविक परिस्थितियों से जोड़ सकेंगे।

विज्ञान और तकनीक को करीब से समझेंगे विद्यार्थी

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को वैज्ञानिक गतिविधियों, शैक्षणिक संस्थानों और देश की विभिन्न उपलब्धियों से परिचित कराया जाएगा। विज्ञान केंद्र और अन्य संस्थानों का प्रत्यक्ष अवलोकन विद्यार्थियों को विज्ञान एवं तकनीक के व्यावहारिक पक्ष को समझने में मदद करेगा। स्टैच्यू ऑफ यूनिटी सहित महत्वपूर्ण स्थलों का भ्रमण विद्यार्थियों के सामान्य ज्ञान और अनुभव के दायरे को भी विस्तृत करेगा। विभाग का मानना है कि इस तरह के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों में जिज्ञासा, अवलोकन क्षमता और सीखने की नई दृष्टि विकसित करने में सहायक होते हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें