लोकतंत्र बचाने सड़क पर उतरी जनत : मंत्री सारंग ने कांग्रेस पर अराजकता फैलाने लगाया आरोप, नेहरू परिवार पर भी साधा निशाना

भोपाल। राजधानी भोपाल में आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के दौरान मध्यप्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। मीडिया से चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि आज हजारों की संख्या में भोपाल के आम नागरिक लोकतंत्र की रक्षा के संकल्प के साथ सड़कों पर उतरे हैं। यह केवल भाजपा का कार्यक्रम नहीं, बल्कि आम जनता की भावनाओं से जुड़ा आंदोलन है।
मेरे वोट को वोट चोरी कैसे कह सकते हैं?
मंत्री विश्वास सारंग ने कांग्रेस के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाते हुए कहा कि आम जनता के मन में इस बात को लेकर पीड़ा है कि आखिर उसके मतदान पर सवाल कैसे उठाए जा सकते हैं। उन्होंने कहा, मैंने भी नरेंद्र मोदी जी को वोट दिया है। मेरे वोट को आप कैसे कह सकते हैं कि वोट चोरी हुआ है? सारंग ने आरोप लगाया कि कांग्रेस गलत नैरेटिव बनाकर देश के लोकतंत्र को कमजोर करने और जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसी कारण आम नागरिक खुद लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क पर उतरा है।
नेहरू परिवार पर भी साधा निशाना
मंत्री ने कांग्रेस के इतिहास और नेतृत्व पर हमला बोलते हुए कहा कि लोकतंत्र को समाप्त करने का काम नेहरू परिवार ने किया है। उनके मुताबिक, कांग्रेस के भीतर भी आंतरिक लोकतंत्र नहीं है और पार्टी ने देश के लोकतंत्र को बचाने के लिए काम नहीं किया। सारंग ने कहा कि सभी नागरिकों का संकल्प है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बने और इसमें हर व्यक्ति सकारात्मक योगदान दे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
