पूर्व राज्यसभा सांसद कैलाश सारंग की पुण्यतिथि आज : मंत्री सारंग ने बुजुर्गों के पैर पखारकर किया सम्मान, नकुलनाथ के पोस्टर पर कांग्रेस को भी घेरा

भोपाल। भाजपा के दिग्गज नेता और पूर्व राज्यसभा सांसद स्व. कैलाश नारायण सारंग की आज पुण्यतिथि है। इस अवसर पर उनके बेटे और मध्य प्रदेश के कैबिनेट मंत्री विश्वास सारंग विशेष कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम को नाम दिया गया मातृ-पितृ भक्ति दिवस। मंत्री सारंग ने बुजुर्गों के पैर पखारकर उनका सम्मान किया और उनकी सेवा का संकल्प लिया। मातृ-पितृ भक्ति दिवस के अवसर पर नरेला विधानसभा क्षेत्र के सभी वार्डों में भी विभिन्न आयोजन किए गए। मंत्री विश्वास सारंग ने भोपाल के विभिन्न क्षेत्रों में राहगीरों को शरबत वितरित कर सेवा कार्यों में भागीदारी की।
बुजुर्ग माता-पिता समान, उनकी सेवा हमारा धर्म
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि समाज में रहने वाला प्रत्येक बुजुर्ग माता-पिता के समान है और उनका सम्मान करना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने कहा कि आज लाखों की संख्या में बुजुर्गों का सम्मान किया जा रहा है। देशभर में मातृ-पितृ भक्ति दिवस मनाया जाना समाज और देश के भविष्य के लिए सुखद पहल है। उन्होंने अपने पिता स्वर्गीय कैलाश सारंग को सेवा और समर्पण का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनके विचारों और संस्कारों से प्रेरणा लेकर यह अभियान आगे बढ़ाया जा रहा है।

नकुल नाथ के पोस्टर विवाद पर कांग्रेस को घेरा
खास बात यह रही की कार्यक्रम के दौरान भी मंत्री विश्वास सारंग ने नकुल नाथ के पोस्टर विवाद और दिवाली मिलन को लेकर कांग्रेस को अपने निशाने पर लिया। उन्होंने कांग्रेस पर परिवारवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाया। सारंग ने कहा कि कांग्रेस में नेहरू परिवार के समय से ही नेताओं का ध्यान अपने बेटे-बेटियों को राजनीति में स्थापित करने पर रहा है। उन्होंने सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह पिछले 10-15 वर्षों से राहुल गांधी को नेता बनाने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने राहुल गांधी की किताब को भी इसी कोशिश से जोड़कर टिप्पणी की।
दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पर भी निशाना
विश्वास सारंग ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सनातन सत्य यात्रा पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि वह पर्दे के पीछे से अपने बेटे को राजनीति में स्थापित करने में लगे हैं। उन्होंने यात्रा की मंशा पर भी सवाल उठाए। सारंग ने कहा कि जब सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे अपने परिवार के सदस्यों को राजनीति में आगे बढ़ाने में लगे हैं, तो कमलनाथ पीछे क्यों रहें? इस तरह मंत्री ने मातृ-पितृ भक्ति दिवस के आयोजन के साथ-साथ कांग्रेस में परिवारवाद के मुद्दे पर भी राजनीतिक हमला बोला।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
