सोमवार, 21 सितंबर 202610:35:40 PM
Download App
Home/देश

मर्यादा भूले माननीय : महिला पार्षद पर मंत्री विजयवर्गीय ने की विवादित टिप्पणी, वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 21, 2026
08:06 AM
महिला पार्षद पर मंत्री विजयवर्गीय ने की विवादित टिप्पणी, वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस ने भाजपा को घेरा

इंदौर। मध्यप्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय विवादित बयानों को लेकर सुर्खियों में बने रहते हैं। उन्होंने एक बार फिर ऐसा बयान दे दिया है, जिसको लेकर वे चर्चा में आ गए हैं। दरअसल कैलाश विजयवर्गीय ने रविवार को इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-1 के वार्ड नंबर 6 में विकास कार्यों का लोकार्पण करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मंच से ही एक महिला पार्षद के शारीरिक वनावट को लेकर विवादित बयान दे दिया। कार्यक्रम का वीडियो वारयल होते ही कांग्रेस ने भजापा को निशाने पर ले लिया है।

पार्षद के मंच पर पहुंचने के दौरान कही बात

जानकारी के अनुसार, वार्ड नंबर 6 में 7 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण के लिए आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कैलाश विजयवर्गीय ने महिला पार्षद संध्या यादव को कहर दिया है कि दीदी की भी चैड़ाई थोड़ी सी बढ़ गई है। उनका यह बयान सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। जिसको लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। हालांकि, वीडियो के पूरे संदर्भ और टिप्पणी के आशय को लेकर संबंधित पक्षों की विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

कांग्रेस ने महिला सम्मान का मुद्दा उठाया

कैलाश विजयवर्गीय के विवादित बयान का वीडियो सामने आने के बाद प्रदेश सियासत भी गरमा गई है। कांग्रेस ने भाजपा को अपने निशाने पर ले लिया है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के मीडिया कोऑर्डिनेटर नीलाभ शुक्ला ने इसे निंदनीय बताया। उन्होंने भाजपा के महिला सम्मान से जुड़े दावों पर सवाल खड़े करते हुए मंत्री की टिप्पणी की आलोचना की।

नीलाभ शुक्ला ने आरोप लगाया कि भाजपा अक्सर महिला सम्मान की बात करती है, लेकिन अपनी ही पार्टी की महिला पार्षद की शारीरिक बनावट पर इस तरह की टिप्पणी करना उसके नेताओं की परंपरा बन चुका है।

महिलाओं को लेकर पहले भी विवाद

कैलाश विजयवर्गीय के बयानों को लेकर पहले भी विवाद सामने आ चुके हैं। महिलाओं के पहनावे और सामाजिक व्यवहार पर उनकी टिप्पणियों ने सार्वजनिक बहस को जन्म दिया था।

2023ः लड़कियों के पहनावे पर ‘शूर्पणखा’ वाली टिप्पणी

अप्रैल 2023 में विजयवर्गीय के एक बयान को लेकर विवाद हुआ था, जिसमें उन्होंने छोटे या कथित रूप से अनुचित कपड़े पहनने वाली लड़कियों पर टिप्पणी करते हुए उनकी तुलना शूर्पणखा से की थी। इस बयान पर महिलाओं और कांग्रेस नेताओं की ओर से विरोध दर्ज कराया गया था।

2025ः छोटे कपड़ों को लेकर बयान पर फिर विवाद

जून 2025 में इंदौर में एक कार्यक्रम के दौरान विजयवर्गीय ने लड़कियों के पहनावे को लेकर टिप्पणी की थी। रिपोर्टों के अनुसार, उन्होंने कम कपड़े पहनने वाली लड़कियों के साथ सेल्फी लेने को लेकर अपनी पसंद का जिक्र किया। इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर बहस हुई।

2022ः बॉयफ्रेंड बदलने वाले बयान पर सफाई

अगस्त 2022 में बिहार की राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी करते हुए विजयवर्गीय के एक बयान को लेकर विवाद हुआ था। बाद में उन्होंने सफाई देते हुए कहा था कि वह विदेश में रहने वाले अपने मित्र की प्रतिक्रिया बता रहे थे और नारी शक्ति का सम्मान करते हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें