लाड़ली बहनों के खातों में आज फिर बरसेगा पैसा : CM मोहन यादव 40वीं किस्त का करेंगे अंतरण, .25 करोड़ से ज्यादा महिलाओं को मिलेगा लाभ

भोपाल। मध्यप्रदेश की लाड़ली बहनों के लिए रविवार का दिन खुशियों भरा रहने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 13 सितंबर को आगर मालवा से मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 40वीं मासिक किस्त की राशि अंतरित करेंगे। इसके तहत प्रदेश की 1 करोड़ 25 लाख 10 हजार 150 पात्र महिलाओं के बैंक खातों में कुल 1,835 करोड़ 9 लाख 22 हजार 450 रुपये सीधे भेजे जाएंगे।
पहले 1,000 रुपये, अब मिल रहे 1,500 रुपये
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की शुरुआत जून 2023 में हुई थी। उस समय पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये दिए जाते थे। अक्टूबर 2023 से राशि में 250 रुपये की बढ़ोतरी कर इसे 1,250 रुपये किया गया। नवंबर 2025 से फिर 250 रुपये की वृद्धि के बाद अब महिलाओं को 1,500 रुपये प्रतिमाह मिल रहे हैं।
39 किस्तों के बाद अब 40वीं किस्त
जून 2023 से अगस्त 2026 तक योजना के तहत 39 नियमित मासिक किस्तों का भुगतान किया जा चुका है। अब सितंबर की 40वीं किस्त महिलाओं के खातों में पहुंचेगी। रक्षाबंधन के अवसर पर अगस्त 2023, 2024, 2025 और 2026 में लाभार्थियों को 250 रुपये की अतिरिक्त सहायता भी दी गई थी।
65 हजार करोड़ से ज्यादा पहुंची राशि
योजना के तहत जून 2023 से अगस्त 2026 तक महिलाओं के खातों में 63,560.90 करोड़ रुपये अंतरित किए जा चुके हैं। सितंबर की किस्त के बाद योजना शुरू होने से अब तक नियमित मासिक सहायता के रूप में अंतरित कुल राशि 65,395.99 करोड़ रुपये हो जाएगी।
आगर मालवा को विकास कार्यों की सौगात
मुख्यमंत्री मोहन यादव आगर मालवा में 225 करोड़ रुपये से अधिक के 33 विकास कार्यों का भूमि-पूजन करेंगे। इसके साथ ही 28 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 17 विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। वित्तीय वर्ष 2026-27 में योजना के लिए सरकार ने 23,882.81 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
