गुरुवार, 24 सितंबर 202610:53:34 PM
Download App
Home/देश

ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने मप्र सरकार की नई पहल : बिरसिंहपुर की 200 MW फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट पर दिल्ली में कल मंथन, निवेशकों से होगा सीधा संवाद

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 24, 2026
10:41 AM
बिरसिंहपुर की 200 MW फ्लोटिंग सोलर प्रोजेक्ट पर दिल्ली में कल मंथन, निवेशकों से होगा सीधा संवाद

भोपाल। मध्यप्रदेश में हरित ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण के क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने नई पहल शुरू की है। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 के मद्देनजर 25 सितंबर को नई दिल्ली स्थित मध्यप्रदेश भवन में निवेशक संपर्क एवं हितधारक परामर्श कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें बिरसिंहपुर की 200 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर प्लस बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम परियोजना को प्रमुखता से प्रस्तुत किया जाएगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में अक्षय ऊर्जा के क्षेत्र में उपलब्ध निवेश अवसरों की जानकारी संभावित निवेशकों तक पहुंचाना और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी परियोजनाओं में निजी एवं संस्थागत निवेश की संभावनाओं पर चर्चा करना है। कार्यक्रम में प्रदेश में हरित ऊर्जा के विस्तार, ऊर्जा भंडारण की आवश्यकता और प्रस्तावित परियोजना के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श होगा।

परियोजना और निवेश संभावनाओं पर होगा प्रस्तुतिकरण

कार्यक्रम में अपर मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवास संजय दुबे मध्यप्रदेश में निवेश की संभावनाओं तथा बिरसिंहपुर परियोजना से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर विचार प्रस्तुत करेंगे। उनके संबोधन में प्रदेश की ऊर्जा क्षेत्र की प्राथमिकताओं और निवेश के लिए उपलब्ध अवसरों को सामने रखा जाएगा।

मध्यप्रदेश पावर जनरेटिंग कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मंजीत सिंह परियोजना के उद्देश्य और स्वरूप की जानकारी देंगे। वहीं अधीक्षण अभियंता अवनीश शुक्ला परियोजना का विस्तृत तकनीकी एवं व्यावसायिक प्रस्तुतिकरण करेंगे।

फ्लोटिंग सोलर के साथ बैटरी स्टोरेज पर फोकस

बिरसिंहपुर की प्रस्तावित परियोजना में 200 मेगावाट फ्लोटिंग सोलर के साथ बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम को जोड़ा गया है। इससे परियोजना को केवल सौर ऊर्जा उत्पादन तक सीमित न रखते हुए ऊर्जा भंडारण के दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

निवेशकों से सीधे संवाद और सुझाव

कार्यक्रम में निवेशकों और विभिन्न हितधारकों के साथ परामर्श एवं प्रश्नोत्तर सत्र भी आयोजित किया जाएगा। इसमें परियोजना से संबंधित विषयों पर खुली चर्चा होगी तथा प्रतिभागियों से सुझाव लिए जाएंगे।

ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2027 की तैयारियों के बीच आयोजित यह कार्यक्रम मध्यप्रदेश में हरित ऊर्जा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को निवेशकों के सामने रखने का एक महत्वपूर्ण मंच होगा। सरकार का जोर अक्षय ऊर्जा और ऊर्जा भंडारण से जुड़े निवेश को आकर्षित करने के साथ प्रदेश की ऊर्जा जरूरतों के अनुरूप आधुनिक परियोजनाओं को आगे बढ़ाने पर है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें