बुधवार, 4 नवंबर 202601:49:00 PM
Download App
Home/देश

‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा : भोपाल में राहुल पर बरसे नड्डा, सीएम मोहन ने कांग्रेस को घेरा, बोले- लोकतंत्र का मजाक उड़ा विपक्ष

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Nov 04, 2026
09:53 AM
भोपाल में राहुल पर बरसे नड्डा, सीएम मोहन ने कांग्रेस को घेरा, बोले- लोकतंत्र का मजाक उड़ा विपक्ष

भोपाल। भाजपा ने लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा के जरिए कांग्रेस के खिलाफ सियासी मोर्चा खोल दिया। भाजपा के दिग्गज नेता देशभर में पदयात्राएं कर कांग्रेस की पोल खोल रहे हैं। इसी क्रम में मप्र भाजपा ने राजधानी भोपाल में पदयात्रा आयोजित की। जिसमें केन्द्रीय मंत्री जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डाॅ. मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के अलावा मंत्री, विधायक, पार्टी के कार्यकर्ता और भोपाल की जनता शामिल हुई। पदयात्रा कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा नेताओं ने कांग्रेस और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर जोरदार प्रहार किया।

राहुल गांधी पर नड्डा का तीखा हमला, बताया ‘अबोध बालक’

पदयात्रा को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तीखा कटाक्ष किया। इतना ही नहीं उन्होंने राहुल गांधी को ‘अबोध बालक’ बताते हुए कहा कि उनकी राजनीति कॉलेज के उस विद्यार्थी जैसी है, जो परीक्षा में पास होने पर अपनी काबिलियत का श्रेय खुद लेता है, लेकिन फेल होने पर शिक्षक को बेईमान बताने लगता है।

नड्डा ने कहा कि जब कांग्रेस चुनाव जीतती है तो उसे चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष नजर आती है, लेकिन हार मिलने पर चुनाव आयोग और लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल उठाए जाने लगते हैं। उन्होंने राहुल गांधी को आत्मचिंतन करने की सलाह भी दी।

कांग्रेस के भविष्य पर बड़ा दावा

जेपी नड्डा ने दावा किया कि कांग्रेस को जनता का समर्थन लगातार कम हो रहा है और आने वाले 20 से 30 वर्षों तक पार्टी को राजनीतिक रूप से जगह नहीं मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष गैरजिम्मेदाराना रवैया अपनाकर देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं पर लोगों के भरोसे को कमजोर करने का प्रयास कर रहा है।

एसआईआर (विशेष गहन पुनरीक्षण) का समर्थन करते हुए नड्डा ने कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध करने की प्रक्रिया में गलत तरीके से मतदाताओं के नाम नहीं काटे गए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर फर्जी वोटों के सहारे चुनाव जीतने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

इमरजेंसी का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा

नड्डा ने अपने संबोधन में कांग्रेस शासनकाल के दौरान लगाई गई इमरजेंसी का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने दावा किया कि आपातकाल के दौरान करीब 1.30 लाख लोगों को जेल में डाला गया था। अपना अनुभव साझा करते हुए उन्होंने बताया कि कॉलेज के दिनों में उन्हें भी क्लासरूम से उठाकर ले जाया गया था। उन्होंने कांग्रेस की राजनीति की तुलना पत्थर मारकर भागने की रणनीति से की।

कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही : सीएम मोहन

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस लोकतंत्र का मजाक उड़ा रही है और न्यायालय के फैसलों का सम्मान नहीं करती। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब-जब न्यायालय ने कांग्रेस के खिलाफ फैसला सुनाया, तब पार्टी ने न्यायाधीशों और न्यायालय पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को अपनी जेब की पुड़िया समझने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। डॉ. मोहन यादव ने राहुल गांधी पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दों को उठाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनता के नेता हैं और जनता का विश्वास उनके साथ है।

हेमंत खंडेलवाल का आरोप- विदेशी ताकतों से सहयोग ले रही कांग्रेस

वहीं, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस एसआईआर को लेकर राजनीतिक भ्रम फैला रही है। उन्होंने दावा किया कि देश में अब तक हुए 12 एसआईआर में से 10 कांग्रेस सरकारों के कार्यकाल में हुए हैं। उन्होंने राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस विदेशी ताकतों से सहयोग लेकर देश को अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें