सोमवार, 21 सितंबर 202610:32:09 PM
Download App
Home/देश

भारत-न्यूजीलैंड व्यापारिक रिश्तों को नई उड़ान : विजयादशमी पर लागू होगा ऐतिहासिक एफटीए, कारोबार-निवेश को लगेंगे पख

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Sep 21, 2026
10:00 AM
विजयादशमी पर लागू होगा ऐतिहासिक एफटीए, कारोबार-निवेश को लगेंगे पख

नई दिल्ली। भारत और न्यूजीलैंड के बीच व्यापारिक रिश्तों को नई दिशा जल्द मिलने वाली है। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मानें तो दोनों देशों के बीच होने वाला मुक्त व्यापार समझौता यानी एफटीए 20 अक्टूबर 2026 से लागू हो जाएगा। खास बात यह है कि इसी दिन विजयादशमी भी है। यह समझौता दोनों देशों के बीच वस्तुओं और सेवाओं के कारोबार तथा निवेश को बढ़ावा देगा।

बता दें कि यह महत्वपूर्ण समझौता 27 अप्रैल को साइन हुआ था। गोयल ने बताया कि यह समझौता दशहरा के दिन से प्रभावी होगा। इस समझौते को दोनों देशों की साझा जीत बताते हुए उन्होंने कहा कि इसके लागू होने से द्विपक्षीय व्यापारिक संबंधों को मजबूती मिलेगी और भारतीय उत्पादों के लिए न्यूजीलैंड के बाजार में अवसर बढ़ेंगे।

न्यूजीलैंड की संसद से मिली मंजूरी

बीते सप्ताह न्यूजीलैंड के व्यापार एवं निवेश मंत्री टॉड मैक्ले ने भी समझौते के जल्द लागू होने की उम्मीद जताई थी। उन्होंने बताया कि न्यूजीलैंड की संसद एफटीए को मंजूरी दे चुकी है। समझौते के पक्ष में 93 सांसदों ने मतदान किया, जबकि 26 सांसद इसके खिलाफ रहे। मैक्ले ने इसे भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुए महत्वपूर्ण व्यापार समझौतों में से एक बताया।

2030 तक व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य

टॉड मैक्ले के अनुसार, न्यूजीलैंड के प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना करने की प्रतिबद्धता जताई है। उन्होंने कहा कि एफटीए के बाद इस लक्ष्य को हासिल करने की संभावनाएं काफी बढ़ गई हैं।

140 सेवा क्षेत्रों में खुलेगा बाजार

एफटीए के तहत न्यूजीलैंड का बाजार भारत के लिए करीब 140 सेवा क्षेत्रों में खुलने की बात कही गई है। इसके अलावा शिक्षा, खेल, संस्कृति, कृषि उत्पादकता और तकनीकी सहयोग जैसे क्षेत्रों में भी दोनों देशों के बीच साझेदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया है। इस समझौते के लागू होने के साथ भारत-न्यूजीलैंड आर्थिक संबंधों में एक नया अध्याय शुरू होने की उम्मीद है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें