शनिवार, 3 अक्टूबर 202610:40:27 PM
Download App
Home/देश

छात्रवृत्ति पर योगी के निशाने पर आया विपक्ष : 4.60 लाख छात्रों के खातों में 148 करोड़ ट्रांसफर कर बोले- अब नहीं चलती बाबूगिरी

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Oct 03, 2026
07:35 AM
4.60 लाख छात्रों के खातों में 148 करोड़ ट्रांसफर कर बोले- अब नहीं चलती बाबूगिरी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति वितरण कार्यक्रम में 4,60,559 छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की राशि एक क्लिक से ट्रांसफर की। लोकभवन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने योगी पिछली सरकारों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि 2016-17 में एससी-एसटी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति नहीं मिली थी। वर्ष 2017 में सरकार बनने के बाद पिछली बकाया छात्रवृत्ति भी विद्यार्थियों तक पहुंचाई गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले छात्रवृत्ति की प्रक्रिया में कथित तौर पर अनियमितताएं होती थीं, लेकिन अब डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में पहुंचाई जा रही है।

पिछले साल 69 लाख छात्रों को मिला लाभ

योगी ने बताया कि पिछले वर्ष करीब 69 लाख विद्यार्थियों को 6,200 करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति दी गई। वहीं, वर्ष 2017 से पहले इस मद में लगभग 2,900 करोड़ रुपये खर्च किए जाते थे। आवेदन या तकनीकी खामियों के कारण पिछले साल लाभ से वंचित करीब चार लाख विद्यार्थियों को भी इस बार छात्रवृत्ति दी जा रही है।

उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी विद्यार्थी की पढ़ाई नहीं रुकनी चाहिए। साथ ही छात्रों से छात्रवृत्ति की राशि का सदुपयोग करने और अच्छी किताबें खरीदकर अपना बुक बैंक तैयार करने की अपील की।

युवाओं के लिए रोजगार और शिक्षा योजनाओं का जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब तक 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है और अगले छह महीने में एक लाख और युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य है। उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में ऑपरेशन कायाकल्प, अटल आवासीय विद्यालय और कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय जैसी योजनाओं का भी उल्लेख किया।

योगी ने कहा कि सरकार दो करोड़ युवाओं को टैबलेट देने के लक्ष्य पर काम कर रही है, जिनमें 60 लाख युवाओं को टैबलेट दिए जा चुके हैं। मेधावी छात्राओं को 50 हजार स्कूटी देने की तैयारी और मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना के तहत बेटियों को जन्म से स्नातक तक 25 हजार रुपये की सहायता का भी उन्होंने उल्लेख किया।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें