सोमवार, 27 अप्रैल 202612:38:18 PM
Download App
Home/देश

MP Legislative Assembly Special Session: Live : नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, सीएम मोहन ने पेश किया संकल्प

admin

admin

Apr 27, 2026
06:57 AM
नारी शक्ति वंदन बिल को लेकर पक्ष-विपक्ष आमने-सामने, सीएम मोहन ने पेश किया संकल्प

भोपाल। आज मध्यप्रदेश विधानसभा का विशेष सत्र बुलाया गया है। इस एक दिनी सत्र में महिला आरक्षण और परिसीमन को लेकर चर्चा चर्चा शुरू हो गई है। इससे पहले सदन में दिवंगत हस्तियों को सुप्रसिद्ध पार्श्व गायिका आशा भोंसले विधानसभा के पूर्व सदस्य गणेश प्रसाद वारी, यादवेंद्र सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री कप उन्नीकृष्णन मोहसिना, अबू हाशिम खान चैधरी समेत पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री बिरेन सिंह को श्रद्धांजलि दी गई।

इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सदन में शासकीय संकल्प पेश किया। आज के विशेष सत्र में महिलाओं को 33 फीसदी आरक्षण देने का संकल्प पारित हो सकता है। वहीं सरकार को घेरने के लिए प्रमुख विपक्षी पार्टी ने भी अपनी रणनीति तैयार कर रखी है। विशेष सत्र से जुड़े हर एक बड़े अपडेट के लिए बने रहिए टीवी27 न्यूज के साथ...

प्रीतम लोधी बोले- आज महिलाओं का दिन

भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने कहा कि आज विधानसभा में महिलाओं के सशक्तिकरण के मुद्दे पर जोरदार तरीके से आवाज उठाई जाएगी। उन्होंने कहा कि आज का दिन महिलाओं के नाम है और हम उनके अधिकारों के लिए लड़ेंगे। तीन दिन में जवाब पर लोधी ने कहा कि वे अपना लिखित जवाब पार्टी आलाकमान, प्रदेश अध्यक्ष और मुख्यमंत्री को दे चुके हैं। अब आगे का निर्णय पार्टी नेतृत्व ही करेगा। समाज की नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा कि पार्टी में नियम के अनुसार जवाब मांगा जाता है। कार्यकर्ता के रूप में जवाब देना सामान्य प्रक्रिया है। साथ ही, उन्होंने समाज के कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया है।

पूर्व मंत्री ने वाजपेयी सरकार का किया जिक्र

पूर्व मंत्री और विधायक मीना सिंह ने कहा कि निश्चित रूप से अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में भी कांग्रेस ने महिला आरक्षण पर साथ नहीं दिया था और अब भी साथ नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा। वहीं, कांग्रेस विधायक ने पूछा उमा, वसुंधरा, कुसुम महदेले के साथ बीजेपी ने क्या किया, जवाब मांगेंगे।

लाइव अपडेट

12:33 PM27 Apr 2026

रामेश्वर शर्मा बोले - सोनिया-प्रियंका से आगे किसी बेटी को बढ़ते नहीं देख सकती कांग्रेस

विधायक रामेश्वर शर्मा ने मीडिया से चर्चा में कहा कि कांग्रेस सोनिया-प्रियंका से आगे किसी बेटी को बढ़ते नहीं देखना चाहती है। कांग्रेस का इतिहास और वर्तमान हमेशा से नारी शक्ति के विरोध का रहा है। वे नहीं चाहते कि देश की बेटियां ताकतवर बनें।

12:30 PM27 Apr 2026

गोपाल भार्गव बोले - हम नारी को कानून की शक्ति देना चाहते हैं

विधायक गोपाल भार्गव ने सदन में कहा- नारियों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है। महिलाओं को दुर्दशा से उबारने के लिए पीएम नरेद्र मोदी और हमारी सरकार संसद में कानून लाई। पुरूष प्रधानता की सोच खत्म करने का काम हम कर रहे है। हम शक्ति के रूप में नारी की उपासना करते हैं। पूजा तो हम करते है पर हम इन्हें कानून की शक्ति नही देना चाहते है।

12:28 PM27 Apr 2026

अर्चना चिटनीस बोलीं - कांग्रेस की चुनरी में दाग लग गया है

पूर्व मंत्री अर्चना चिटनीस ने कहा कि महिलाओं को मिलने वाले लाभ रोकना कांग्रेस की मानसिकता है। विधानसभा में महिलाओं को बोलने नहीं दिया जा रहा है। बहनों के बारे में जब बात हो तो राजनीति नहीं होना चाहिए। भारत के स्पेस स्पेक्ट्रम में 25% महिलाएं हैं तो सांसद, विधानसभा में क्यों न हों। चिटनीस ने कहा कि कांग्रेस की एक सांसद यहां तक कह गईं कि बिल पास हो गया तो लोकतंत्र खतरे में पड़ जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि आपकी चुनरी में दाग लग गया है, अब मिटाए नहीं मिटेगा।

12:24 PM27 Apr 2026

परिसीमन पर विपक्ष ने किया वॉक आउट

विधानसभा की कार्यवाही से विपक्ष ने वॉक आउट कर दिया। सदन में महिला आरक्षण पर चर्चा के दौरान परिसीमन के नाम पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भड़क गए और उन्होंने विधानसभा की कार्यवाही से वॉक आउट कर दिया। इसके बाद सभी कांग्रेस विधायक सदन से बाहर आ गए और लॉबी में सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

09:07 AM27 Apr 2026

कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी ने सरकार को घेरा

Jhuma Solanki speaks on speculations of Kamal Nath leaving Congress

नारी शक्ति वंदन बिल पर सदन में बोलते हुए कांग्रेस विधायक झूमा सोलंकी आरोप लगाया कि इस बिल का विरोध उस समय बीजेपी ने किया था राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इस बिल पास किया था। दोबारा यह बिल लाना उनको अपमान है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आरक्षण दिया जाए। महिलाओं को बहलाना फुसलाना न्याय नही है। कोटे के अंदर कोटा भी देना चाहिए। कांग्रेस विधायक ने कहा कि आसमित समय का इंतजार हमारी बहने नही करेगी। परिसीमन का इंतजार नही करते हुए आरक्षण तुरंत करना चाहिए।

09:02 AM27 Apr 2026

कृष्णा गौर ने कांग्रेस को घेरा

दूरदर्शिता और साहस की विलक्षण मिसाल कृष्णा गौर - Fame India Magazine

सदन में चर्चा के दौरान राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा विपक्ष ने अपना चाल चरित्र चेहरा दिखा दिया। कांग्रेस की कथनी और करनी में स्पष्ट नजर आ गया। आने वाले समय में महिलाएं कांग्रेस के अस्तित्व को समाप्त करेगी। उन्होंने कहा कि विपक्ष को दलगत राजनीति से ऊपर उठकर शासकीय संकल्प का समर्थन करना चाहिए। सदन में बिल गिरने से देश की महिलाओं को बड़ा झटका लगा। कांग्रेस ने करोडों महिलाओं का अपमान किया। मैं विपक्ष की निंदा करती हूं

08:51 AM27 Apr 2026

नारी शक्ति पुरुषों के बराबर अधिकारों की हकदार- हेमंत खंडेलवाल

विधानसभा में महिला आरक्षण पर चर्चा के दौरान विधायक व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह केवल एक विषय नहीं, बल्कि देश की दिशा तय करने वाला मुद्दा है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति पुरुषों के बराबर अधिकारों की हकदार है और सदन को रानी लक्ष्मीबाई व अहिल्याबाई होलकर के सुशासन से प्रेरणा लेनी चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया के कई देशों में महिलाओं की स्थिति पर ध्यान देने की आवश्यकता है और भारत भी उन देशों में शामिल हो सकता है, जहां 33 प्रतिशत आरक्षण दिया जा रहा है। खंडेलवाल ने जोर देते हुए कहा कि जब तक आधी आबादी को पूरा न्याय नहीं मिलेगा, तब तक महिला विकास की परिकल्पना साकार नहीं हो सकती।

08:50 AM27 Apr 2026

ट्रैक्टर से विधानसभा पहुंचे विधायक शाह, किसानों का उठाया मुद्दा

मध्य प्रदेश विधानसभा के 27 अप्रैल के विशेष सत्र में कांग्रेस विधायक अभिजीत शाह अलग अंदाज में नजर आए। वे ट्रैक्टर लेकर विधानसभा पहुंचे। हालांकि, ट्रैक्टर को बाहर ही रोक दिया गया, लेकिन वे अंदर गेहूं की बालियां लेकर पहुंचे और किसानों के मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।

अभिजीत शाह ने कहा कि राजस्थान में भाजपा सरकार किसानों से गेहूं 2735 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद रही है, तो मध्य प्रदेश में किसानों को कम कीमत क्यों दी जा रही है? उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश के किसानों के साथ अन्याय हो रहा है और उन्हें गुमराह किया जा रहा है। यहां भले ही महिला आरक्षण पर चर्चा हो रही है, लेकिन किसानों की परेशानियों पर भी गंभीरता से बात करना जरूरी है।

07:53 AM27 Apr 2026

नारी शक्ति वंदन से जुड़े अपडेट

‘नारी शक्ति वंदन’ अधिनियम के तहत परिसीमन के आधार पर महिलाओं को 33% आरक्षण देने का संकल्प पेश हो रहा है।

सदन में सीएम मोहन यादव की गैर मौजूदगी पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि इतने गंभीर विषय पर चर्चा चल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री सदन में मौजूद नहीं हैं।

राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि सदन में बिल गिरने से देश की महिलाओं को बड़ा झटका लगा है। महिलाओं को उम्मीद थी कि उनकी राजनीतिक आकांक्षाओं को पंख मिलेंगे, लेकिन कांग्रेस और विपक्ष ने उनकी उम्मीदों को तोड़ दिया।

कृष्णा गौर के भाषण पर कांग्रेस विधायक अजय सिंह ने टिप्पणी करते हुए कहा कि वे इतना अच्छा भाषण देती हैं, इन्हें सीएम मोहन यादव की जगह बैठा देना चाहिए।

संसदीय कार्य मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज मोहिनी एकादशी है, और इस संकल्प का विरोध करने वाले भस्मासुर की तरह भस्म हो जाएंगे।

विशेष सत्र में दिवंगत गायिका आशा भोंसले सहित पूर्व जनप्रतिनिधियों और नेताओं को श्रद्धांजलि दी गई।

07:52 AM27 Apr 2026

विधानसभा में पक्ष-विपक्ष ने दागे एक-दूसरे पर सवाल

कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि आज मोहिनी एकादशी है। भगवान विष्णु ने भस्मासुर का अंत करने के लिए मोहिनी रूप धारण किया था। इसी दिन आज महिला आरक्षण बिल पर चर्चा हो रही है। विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि सदन में चार घंटे चर्चा होगी। इसमें एक घंटा कांग्रेस सदस्यों के लिए और तीन घंटे सत्ता पक्ष के सदस्यों के लिए रखे गए हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि सदन में महिलाओं जैसे गंभीर मुद्दे पर चर्चा चल रही है, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी सीट पर मौजूद नहीं हैं। कांग्रेस विधायक बाला बच्चन ने कहा कि यह संकल्प मुख्यमंत्री द्वारा ही रखा गया है, इसलिए उन्हें पूरे समय सदन में उपस्थित रहना चाहिए। यह महिलाओं का अपमान है।

07:03 AM27 Apr 2026

आधी आबादी महिलाओं की, उन्हें अधिकार मिले: भाजपा विधायक

भाजपा विधायक ओमप्रकाश धुर्वे ने कहा कि अब आधी आबादी महिलाओं की है, इसलिए उन्हें उनके अधिकार मिलने चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शुरू से ही नहीं चाहती कि महिलाओं को अधिकार मिलें।

07:02 AM27 Apr 2026

ऊर्जा मंत्री बोले- निश्चित रूप से मातृ शक्ति को उनका अधिकार मिलना चाहिए

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर बोले, निश्चित रूप से मातृ शक्ति को उनका अधिकार मिलना चाहिए। नरेंद्र मोदी ने 2047 के विकसित भारत का जो संकल्प रखा है, उसमें महिलाओं का भी योगदान होना चाहिए।

07:02 AM27 Apr 2026

पूर्व नेता प्रतिपक्ष बोले-परिसीमन क्यों जरूरी?

कांग्रेस विधायक व पूर्व नेता पूर्व नेताप्रतपक्ष अजय सिंह ने महिला आरक्षण को लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि अगर महिलाओं को आरक्षण देना है, तो मौजूदा सीटों के आधार पर ही इसे लागू किया जा सकता है, फिर परिसीमन की जरूरत क्यों बताई जा रही है? सिंह ने कहा कि इस मुद्दे पर विशेष सत्र बुलाया गया है। लेकिन सरकार स्पष्ट जवाब देने से बच रही है। उनके मुताबिक, महिला आरक्षण को टालने के लिए परिसीमन को कारण बनाया जा रहा है।

07:01 AM27 Apr 2026

सीएम ने कहा- कांग्रेस ने महिलाओं के साथ अन्याय किया

सीएम ने कहा कि नारी सशक्तिकरण अधिनियम के खिलाफ कांग्रेस ने आजादी के बाद से आज तक जो नकारात्मक रवैया अपनाया है। इंदिरा गांधी से लेकर राजीव जी, सोनिया जी, राहुल जी और उनकी बहन प्रियंका गांधी पांच पीढ़ी में कांग्रेस ने लगातार बहनों के साथ जो अन्याय किया है वो देश कभी नहीं भूलेगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बहनों को 33% आरक्षण देकर देश की आधी आबादी को अधिकार दिलाने का निर्णय किया। कांग्रेस और उनके तथाकथित सहयोगियों सपा, टीएमसी, डीएमके ऐसे तमाम विरोधी गठबंधन ने इस अधिनियम को धराशायी करने में जो भूमिका अदा की है। मैं उसकी कठोर शब्दों में निंदा करता हूं।

हम सदन में फिर इस बात के लिए संकल्प पारित करेंगे कि 33 प्रतिशत आरक्षण के लिए हमारी सरकार समर्थन देती है। मोदी जी का बहुत अच्छा निर्णय था। कांग्रेस और उनके लोगों ने जो हालत की है।

07:00 AM27 Apr 2026

कांग्रेस विधायक मुंजारे ने उठाई ओबीसी आरक्षण की मांग

कांग्रेस पार्टी सहित समूचे विपक्ष ने 2023 में ही संसद में "नारी शक्ति वंदन अधिनियम" को पारित करवा दिया था। मगर भाजपा सरकार ने इसे रोकने का काम किया है। देश में सबसे बड़ी आबादी अन्य पिछड़ा वर्ग की है, उसे भी राजनीतिक आरक्षण दिया जाए। ये हमारी मांग है। यह कहना है बालाघाट से कांग्रेस विधायक अनुभा मुंजारे का।

06:59 AM27 Apr 2026

विपक्ष ने एक बड़े काम को रोकने का प्रयास किया: सारंग

मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त करने का अच्छा प्रयास था, जिसमें कांग्रेस ने टंगड़ी अड़ाई है। कांग्रेस और विपक्ष के नेता हर समय महिला विरोधी काम करते हैं। 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारा लगाने वाली प्रियंका गांधी अब कहां गईं? राहुल गांधी सोनिया गांधी से लेकर विपक्ष के हर नेता ने एक बड़े काम को रोकने का प्रयास किया है। विधानसभा में आज हम इसकी निंदा करेंगे। यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में इस देश की तस्वीर और तकदीर बदलने का बड़ा प्रयास था।

06:58 AM27 Apr 2026

महिला आरक्षण पर यह है पूरा विवाद

नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले संसद में पारित हो चुका था, लेकिन 17 अप्रैल को लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक गिर गया।

इसी हार के बाद से भाजपा अब कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन को 'महिला विरोधी' करार दे रही है।

भाजपा का दावा है कि विपक्ष ने जानबूझकर इस महत्वपूर्ण कानून की राह में रोड़े अटकाए हैं।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें