ममता के झूठे आरोपों पर शाह का पलटवार : बोले- यह ‘बेबुनियाद बातें, भीड़ खुद सच्चाई बोलती है

बेहाला। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण से पहले सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। मतदान प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में बेहाला पश्चिम में एक विशाल रोड शो किया। इस दौरान भारी भीड़ देखने को मिली और पूरा इलाका भाजपा समर्थकों के नारों से गूंज उठा।
रोड शो के दौरान अमित शाह ने दावा किया कि इस बार बंगाल में परिवर्तन निश्चित है और राज्य में कमल का फूल खिलने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हर वोट एक नए राजनीतिक अध्याय की शुरुआत करेगा और जनता बदलाव के मूड में है।
क्या बाहर से लाई जा सकती है भीड़
ममता बनर्जी द्वारा लगाए गए इस आरोप पर कि भाजपा अपनी रैलियों में भीड़ जुटाने के लिए पैसे देकर और अन्य राज्यों से लोगों को लाती है, शाह ने कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा, “पहले आप इस भीड़ को देखिए, क्या यह भीड़ बाहर से लाई जा सकती है? इसमें कोई सच्चाई नहीं है।” शाह ने आगे तीखे अंदाज में कहा, “क्या यार, आप भी ममता बनर्जी की बात सुन रहे हो।” उनके इस बयान को राजनीतिक हलकों में तंज के रूप में देखा जा रहा है।
शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा चुनाव
टीएमसी और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कथित झड़पों के सवाल पर शाह ने कहा कि चुनाव पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से हो रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल के पिछले चुनावों में जिस तरह की हिंसा देखी गई थी, उसकी तुलना में इस बार स्थिति काफी बेहतर है। उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा राज्य में भारी बहुमत से जीत दर्ज करेगी और जनता इस बार बदलाव के लिए वोट करेगी।
142 सीटों पर 29 अप्रैल को होगा मतदान
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को 152 सीटों पर संपन्न हो चुका है, जिसमें मतदान प्रतिशत 92 प्रतिशत से अधिक रहा। अब दूसरे चरण में 142 सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए सोमवार को चुनाव प्रचार का अंतिम दिन था, जहां सभी राजनीतिक दलों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी।
राज्य में चुनावी माहौल लगातार गर्म होता जा रहा है और आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है, जिससे मुकाबला और दिलचस्प बन गया है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
