MP में अगले तीन दिन मौसम का यू-टर्न : तेज गर्मी के बीच बारिश से बढ़ेगी उमस

भोपाल : अप्रैल के आखिरी हफ्ते में तपते सूरज और तेज गर्मी के बीच मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जगहों पर बारिश की संभावना जताई है। आज से अगले तीन दिनों तक कई जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। ग्वालियर, चंबल, सागर और रीवा संभागों के साथ-साथ भोपाल, इंदौर और उज्जैन क्षेत्रों में भी भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। गर्म हवाओं के कारण दिन के समय लू जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कई जिलों में तेज गर्मी के चलते स्कूलों को भी 30 अप्रैल तक बंद कर दिए गए है।
बारिश से बढ़ेगी उमस
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जगहों पर आज से अगले तीन दिनों तक आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया है। कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ हल्की-फुल्की बारिश के आसार बताए हैं। लेकिन इससे राहत नही बल्कि दिन के समय उमस बढ़ जाएगी। खजुराहो में अधिकतम पारा 45 डिग्री पर पहुंच गया। नर्मदापुरम, नौगांव, सागर सहित कई स्थानों पर पारा 44 डिग्री या इससे ज्यादा रहा। भोपाल में तापमान 43 डिग्री सेल्सियस रहा।
रात का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के पास पहुंचा
मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी का कहर जारी है। तपते सूरज के बीच कई जिलों में तापमान 45 डिग्री पार पहुंच चुका है। तेज गर्मी को देखते हुए मौसम विभाग ने रात में भी लू का अलर्ट जारी किया है। इंदौर, उज्जैन और भोपाल जैसे बड़े शहरों में रात में न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास पहुंच गया है, जिससे रात में भी लोगों को गर्मी से राहत नहीं मिल रही है।
25 जिलों में चलेगी लू
एमपी के भोपाल, इंदौर, उज्जैन, धार, देवास, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, नर्मदापुरम समेत 25 जिलों में लू चलने का अलर्ट है। IMD ने सोमवार से बुधवार तक प्रदेश के करीब 50 प्रतिशत हिस्से में लू चलने की संभावना जताई है। ऐसे में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए दोपहर में घरों या ऑफिस से बाहर न निकलने की हिदायत दी है।
गर्मी के बीच बारिश बढ़ाती है उमस
अरब सागर से आ रही नमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम ने प्रदेश के मौसम को प्रभावित किया है। मध्यप्रदेश के मध्य क्षेत्र में 1.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर हवाओं का चक्रवात बन रहा है। इसके कारण दोपहर बाद बादल छाने और कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की स्थिति बन रही है। हालांकि यह बारिश गर्मी से राहत देने के बजाय, मौसम में उमस बढ़ा देती है, जिससे लोगों को ज्यादा मुश्किलें झेलनी पड़ती हैं।
अभिलाषा कनाडे
खबरी दुनिया की ऑल राउंडर। टीवी जर्नलिज़्म में एक दशक का सफर पूरा कर रही हैं। टीवी से लेकर डिजिटल मीडिया का प्रगाढ़ अनुभव।
