लाल किले से गूंजेगा आजादी का संदेश, : PM मोदी 13वीं बार राष्ट्र को करेंगे संबोधित, 80वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभर में उत्साह

नई दिल्ली। भारत आज अपनी आजादी की 80वीं वर्षगांठ पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। स्वतंत्रता दिवस का मुख्य राष्ट्रीय समारोह राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लाल किले की प्राचीर से तिरंगा फहराएंगे और देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देंगे। इसके बाद वह राष्ट्र को संबोधित करेंगे और परेड की सलामी लेंगे।
स्वतंत्रता सेनानियों को पीएम मोदी ने किया नमन
लाल किले पहुंचने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया के जरिए देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम के अनगिनत वीर सेनानियों को नमन करते हुए उनके साहस, बलिदान और मातृभूमि के प्रति समर्पण को याद किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपने और आदर्श आज भी देश को आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने देशवासियों से उनके आदर्शों को अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
विकसित भारत के संकल्प पर जोर
अपने संदेश में पीएम मोदी ने विकसित भारत के संकल्प का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि देश की 140 करोड़ जनता की सामूहिक शक्ति से भारत विभिन्न क्षेत्रों में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया कि आने वाले वर्षों में विकास की गति और तेज होगी तथा भारत नई ऊंचाइयों को छुएगा।
तिरंगे के रंगों से सजा लाल किला
स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत लाल किले को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। रक्षा मंत्रालय इस राष्ट्रीय समारोह का आधिकारिक मेजबान है। लाल किले की सजावट में तिरंगे के तीनों रंगों वाले फूलों का विशेष इस्तेमाल किया गया है। समारोह में बड़ी संख्या में आमंत्रित अतिथियों के साथ स्कूली बच्चे भी शामिल होंगे।
सुबह से शुरू होगा समारोह
कार्यक्रम के अनुमानित कार्यक्रम के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब सवा सात बजे लाल किले के लाहौरी गेट पहुंचेंगे। उनके आगमन से पहले रक्षा मंत्रालय के अधिकारी और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह समारोह स्थल पर मौजूद रहेंगे। इसके बाद प्रधानमंत्री ध्वजारोहण करेंगे, राष्ट्र को संबोधित करेंगे और स्वतंत्रता दिवस समारोह की औपचारिक शुरुआत होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
