तपती धूप में इंसानियत की छांव बनें, : पीएम मोदी की देशवासियों से भावुक अपील, गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने भी दी सलाह

नई दिल्ली। देश के कई हिस्सों में इन दिनों भीषण गर्मी और हीटवेव ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। उत्तर भारत से लेकर मध्य भारत तक भीषण तपिश और शरीर को झुलसाती गर्म हवाओं का असर साफ दिखाई दे रहा है। कई शहरों में पारा 48 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे हालात को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील की है। बुधवार को देशवासियों से सावधानी बरतने की अपील की।
पीएम मोदी ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नागरिकों से अपील करते कहा, पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं, बाहर निकलते समय अपने साथ पानी रखें, दूसरों को भी पानी पिलाएं ऐसी नेक भावना का बहुत महत्व है। पीएम ने लगातार कई पोस्ट करते हुए लोगों को गर्मी से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोग खुद को हाइड्रेटेड रखें और घर से बाहर निकलते समय पानी जरूर साथ लेकर जाएं। पीएम मोदी ने कहा कि इस कठिन मौसम में छोटी-छोटी सावधानियां भी बड़ी सुरक्षा बन सकती हैं।
प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं
उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि यदि संभव हो तो किसी प्यासे व्यक्ति को एक गिलास पानी जरूर पिलाएं। प्रधानमंत्री ने उन लोगों की भी सराहना की जो अपने घरों और दुकानों के बाहर राहगीरों के लिए मटके में पानी रखते हैं। उन्होंने कहा कि यह सेवा और संवेदनशीलता समाज के लिए प्रेरणादायक है।
बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने दूसरे संदेश में लोगों से बुजुर्गों का खास ख्याल रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोग अपने माता-पिता, दादा-दादी और अन्य परिजनों का हालचाल जरूर पूछें। साथ ही उन्हें पर्याप्त पानी पीने, दोपहर की तेज धूप से बचने और अधिक आराम करने की सलाह दें।
पीएम मोदी ने कहा कि बढ़ती गर्मी का असर बुजुर्गों पर अधिक पड़ता है, इसलिए परिवार के लोगों की जिम्मेदारी है कि वे उनका ध्यान रखें और समय-समय पर उनकी जरूरतों का ख्याल करें।
पशु-पक्षियों के लिए भी दिखाई संवेदनशीलता
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संदेश में पशु-पक्षियों का जिक्र करते हुए कहा कि इस प्रचंड गर्मी में हमें बेजुबान जीवों को भी नहीं भूलना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि अपने घर, छत, बालकनी, दुकान या ऑफिस के बाहर पानी से भरा छोटा बर्तन जरूर रखें, ताकि प्यासे पक्षियों को राहत मिल सके।
उन्होंने कहा कि कठिन समय में करुणा और संवेदनशीलता ही समाज की सबसे बड़ी ताकत होती है। पीएम मोदी की इस अपील को सोशल मीडिया पर भी लोगों का व्यापक समर्थन मिल रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
