सिनेमा जगत में शोक : कैंसर से जिंदगी की जंग हार गए प्रदीप रावत, बॉलीवुड और साउथ में था गजब जलबा

मुंबई। हिंदी और दक्षिण भारतीय सिनेमा के दमदार अभिनेता प्रदीप रावत का 74 वर्ष की उम्र में 4 अगस्त 2026 मंगलवार शाम निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे। बताया जा रहा है कि बीमारी दोबारा लौट आने के बाद पिछले एक महीने से उनका मुंबई के एक अस्पताल में इलाज चल रहा था । आखिरकार लंबे समय तक बीमारी से संघर्ष करने के बाद उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया
प्रदीप रावत के निधन की जानकारी सबसे पहले अभिनेता यशपाल शर्मा ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देते हुए साझा की। इसके बाद उनके मैनेजर सिद्धार्थ तिवारी ने भी निधन की पुष्टि की। अभिनेता सोनू सूद समेत फिल्म जगत की कई हस्तियों ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
महाभारत से शुरू हुआ अभिनय का सफर
21 जनवरी 1952 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्मे प्रदीप रावत ने अपने अभिनय करियर की शुरुआत बी.आर. चोपड़ा के चर्चित धारावाहिक 'महाभारत' से की थी। इस सीरियल में उन्होंने अश्वत्थामा का किरदार निभाया, जिसने उन्हें घर-घर पहचान दिलाई। इसके बाद उन्होंने फिल्मों का रुख किया और अपने दमदार अभिनय से इंडस्ट्री में अलग मुकाम बनाया।
'लगान' से 'गजनी' तक छोड़ी अमिट छाप
प्रदीप रावत ने अपने करियर में लगान, सरफरोश, गजनी, ग्रैंड मस्ती, बागी, पत्थर के फूल और संगदिल सनम जैसी कई फिल्मों में यादगार भूमिकाएं निभाईं।
फिल्म 'गजनी' में निभाया गया उनका खतरनाक विलेन का किरदार आज भी दर्शकों के जेहन में ताजा है। खास बात यह रही कि उन्होंने पहले तमिल फिल्म 'गजनी' (2005) में यह भूमिका निभाई और बाद में हिंदी रीमेक में भी उसी किरदार को दोहराया।
कई भाषाओं के सिनेमा में बनाई पहचान
हिंदी फिल्मों के अलावा प्रदीप रावत ने तेलुगु, तमिल, कन्नड़, मलयालम, बंगाली और भोजपुरी फिल्मों में भी अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज कराई। दक्षिण भारतीय सिनेमा में उन्होंने तेलुगु फिल्म 'Sye' से कदम रखा और कई फिल्मों में प्रभावशाली खलनायक की भूमिका निभाकर दर्शकों का दिल जीता।
तीन बड़े अवॉर्ड से हुआ सम्मानित
प्रदीप रावत को अपने शानदार अभिनय के लिए कई सम्मान मिले। तेलुगु फिल्म 'Sye' में निभाए गए विलेन के किरदार के लिए उन्हें 2004 का नंदी अवॉर्ड, 2004 का संतोषम अवॉर्ड और 2005 का फिल्मफेयर (तेलुगु) बेस्ट विलेन अवॉर्ड मिला। यह उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जाता है।
सलमान खान ने सुनाया था दिलचस्प किस्सा
मार्च 2025 में फिल्म 'सिकंदर' की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान सलमान खान ने प्रदीप रावत से जुड़ा एक रोचक किस्सा साझा किया था। सलमान ने बताया था कि प्रदीप रावत ने उनसे कहा था कि निर्देशक ए.आर. मुरुगदास बेहद अनुशासित हैं और शायद सलमान उनके साथ काम न कर पाएं। इस पर सलमान ने मजाकिया अंदाज में कहा था कि प्रदीप उनके अच्छे दोस्त थे और दोनों ने कई फिल्मों में साथ काम किया था।
'छावा' रही आखिरी हिंदी फिल्म
प्रदीप रावत की आखिरी हिंदी फिल्म 'छावा' थी, जो 14 फरवरी 2025 को रिलीज हुई थी। इस फिल्म के बाद उन्होंने बड़े पर्दे पर कोई नई हिंदी फिल्म नहीं की।
फिल्म इंडस्ट्री ने खोया एक दमदार कलाकार
प्रदीप रावत के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है। सोशल मीडिया पर अभिनेता, निर्देशक और उनके लाखों प्रशंसक उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। अपने प्रभावशाली अभिनय, दमदार स्क्रीन प्रेजेंस और यादगार खलनायक की भूमिकाओं के लिए प्रदीप रावत हमेशा सिनेमा प्रेमियों के दिलों में जीवित रहेंगे।
पलक गीते
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
