शनिवार, 26 सितंबर 202610:47:01 PM
Download App
Home/देश

भोपाल विज्ञान मेले का समापन : : PWD मंत्री विद्यार्थियों से बोले- पुरस्कार के लिए नहीं, समाज की समस्याओं के समाधान के लिए करें नवाचार

admin

admin

Sep 26, 2026
03:26 PM
PWD मंत्री विद्यार्थियों से बोले- पुरस्कार के लिए नहीं, समाज की समस्याओं के समाधान के लिए करें नवाचार

भोपाल। लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि विज्ञान का वास्तविक उद्देश्य समाज की समस्याओं का समाधान करना और मानव जीवन को बेहतर बनाना है। विद्यार्थियों को केवल पुरस्कार और प्रमाण-पत्र प्राप्त करने के लिए नवाचार नहीं करना चाहिए, बल्कि वर्तमान चुनौतियों के व्यावहारिक समाधान खोजने की दिशा में काम करना चाहिए। ऐसे प्रयासों से ही भविष्य के डॉक्टर, वैज्ञानिक और राष्ट्र निर्माता तैयार होंगे।

मंत्री शनिवार को ज्ञान-विज्ञान भवन, बरकतउल्ला विश्वविद्यालय में आयोजित ‘भोपाल विज्ञान मेले’ के समापन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने विज्ञान भारती और बरकतउल्ला विश्वविद्यालय को विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा को मंच देने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि मेले में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडल केवल प्रदर्शन या पुरस्कार तक सीमित नहीं हैं। इनमें समाज की वर्तमान समस्याओं का समाधान करने और भविष्य की जरूरतों को पूरा करने की क्षमता है। विद्यार्थियों के ऐसे नवाचारों को आगे बढ़ाने के लिए मंच उपलब्ध कराना महत्वपूर्ण पहल है।

भारतीय ज्ञान परंपरा में विज्ञान की मजबूत नींव

राकेश सिंह ने कहा कि भारत की ज्ञान परंपरा और विज्ञान सदियों से साथ-साथ आगे बढ़े हैं। शून्य की खोज से लेकर गणित, खगोल विज्ञान, मौसम और अन्य क्षेत्रों में भारतीय मनीषियों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि महाकवि कालिदास के ‘मेघदूत’ में मानसून की गति, प्रकृति और ऋतु परिवर्तन का सूक्ष्म वर्णन मिलता है। यह भारतीय चिंतन की व्यापकता और वैज्ञानिक दृष्टि को दर्शाता है।

वैज्ञानिक सोच से तैयार हुआ नया मॉड्यूल

मंत्री ने लोक निर्माण विभाग में किए जा रहे नवाचारों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि निर्माण परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के लिए उनकी समय-सीमा का वैज्ञानिक आधार पर निर्धारण करने की आवश्यकता महसूस हुई। इसके लिए विभागीय अभियंताओं और भास्कराचार्य संस्थान के सहयोग से परियोजनाओं की समय-सीमा तय करने वाला देश में अपनी तरह का पहला मॉड्यूल तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि यह जिज्ञासा, तकनीक और समस्या समाधान पर आधारित सोच का परिणाम है।

सवाल पूछें, प्रयोग करें और समाधान खोजें

राकेश सिंह ने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने भीतर जिज्ञासा को हमेशा जीवित रखें। प्रश्न पूछें, प्रयोग करें और समाज के सामने मौजूद चुनौतियों के समाधान खोजने का प्रयास करें। उन्होंने कहा कि जब कोई नवाचार किसी वास्तविक सामाजिक समस्या का समाधान करता है, तभी वह देश और मानवता के लिए सार्थक योगदान बनता है।

समारोह में मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के महानिदेशक एवं आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अनिल कोठारी, विज्ञान भारती मध्यभारत प्रांत के अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र कुमार स्वामी, डॉ. पवन मिश्रा सहित विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद् और विश्वविद्यालय के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें