5 लाख का दुर्घटना और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा : राहुल तेलंगाना के गिग वर्कर्स को दी बड़ी सौगात, भाजपा-आरएसएस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

हैदराबाद। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल शनिवार को तेलंगाना के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी के साथ शिल्पा रामम से जयाभेरी ग्राउंड तक आयोजित गिग वर्कर्स की बाइक रैली में हिस्सा लिया। इस दौरान राहुल ने गिग वर्कर्स को बड़ी सौगात दी। उन्होंने तेलंगाना गिग वर्कर्स सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण योजना की शुरुआत की। इस योजना के तहत गिग वर्कर्स को 5 लाख का दुर्घटना बीमा और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिलेगा। वहीं राहुल ने अपने संबोधन में भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधा।
राहुल गांधी ने भाजपा और आरएसएस की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि उनकी सोच गिग वर्कर्स को बंधुआ मजदूर बनाने वाली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गिग वर्कर्स को देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ मानती है और उन्हें सुरक्षा तथा सम्मान के साथ काम करने का अवसर देना चाहती है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि तेलंगाना की कांग्रेस सरकार गिग वर्कर्स और उनके परिवारों की शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के लिए उनके साथ खड़ी रहेगी।
गिग वर्कर्स को मिलेगा अपने काम के आंकड़ों पर अधिकार
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि कुछ समय पहले गिग वर्कर्स के साथ हुई बैठक में उन्होंने अपनी समस्याएं बताई थी। उस समय उनकी मांगों को पूरा करने का वादा किया गया था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। राहुल गांधी ने बताया कि तेलंगाना सरकार गिग वर्कर्स को 5 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा और 10 लाख रुपये का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराने की गारंटी दे रही है।
इसके अलावा प्रत्येक डिलीवरी से होने वाले लेनदेन का एक प्रतिशत हिस्सा सीधे गिग वर्कर्स के खाते तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि कंपनियों से मिलने वाली यह राशि पहले गिग वर्कर्स बोर्ड के पास पहुंचेगी और फिर वहां से सीधे संबंधित कर्मचारियों के बैंक खातों में जमा की जाएगी।
हर शहर में बनेंगे आराम करने के केंद्र
राहुल गांधी ने कहा कि भीषण गर्मी में गिग वर्कर्स घंटों स्कूटर और मोटरसाइकिल चलाकर सामान पहुंचाते हैं, लेकिन उनके आराम करने के लिए पर्याप्त सुविधाएं नहीं हैं। इसे ध्यान में रखते हुए तेलंगाना सरकार हैदराबाद सहित राज्य के अन्य शहरों में विशेष विश्राम केंद्र बनाएगी। यहां वाई-फाई, बैठने और आराम करने की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। कर्मचारी अपने वाहन भी वहां खड़े कर सकेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
