शुक्रवार, 16 अक्टूबर 202610:47:44 PM
Download App
Home/देश

मुरैना में बच्चों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री : पुनर्वास केंद्र में उपचार सुविधाओं का लिया जायजा° दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण, स्कूल में परखी पढ़ाई

admin

admin

Oct 16, 2026
12:51 PM
पुनर्वास केंद्र में उपचार सुविधाओं का लिया जायजा° दिव्यांगों को बांटे सहायक उपकरण, स्कूल में परखी पढ़ाई

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत मुरैना में दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र और उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 का निरीक्षण किया। पुनर्वास केंद्र में उन्होंने दिव्यांगजनों के उपचार और पुनर्वास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। वहीं, विद्यालय में विद्यार्थियों से विज्ञान और गुरुत्वाकर्षण पर चर्चा कर पढ़ाई की व्यवस्थाओं को परखा। मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया और जरूरतमंद दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए।

पुनर्वास केंद्र में उपचार व्यवस्थाओं का लिया जायजा

मुख्यमंत्री ने जिला दिव्यांगजन पुनर्वास केंद्र में तंत्रिका तंत्र पुनर्वास कक्ष, बाल पुनर्वास कक्ष, शिशु एवं बाल चिकित्सा उपचार कक्ष और विद्युत चिकित्सा कक्ष का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बच्चों को दी जा रही चिकित्सा सुविधाओं, पुनर्वास की व्यवस्थाओं और उपचार के बाद उनकी प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में दिव्यांगजनों के समग्र विकास के लिए उपलब्ध सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

बच्चों की रचनात्मकता देख की सराहना

निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने दिव्यांग बच्चों से आत्मीय संवाद किया और उनकी गतिविधियों व अनुभवों के बारे में जाना। बच्चों ने अपने हाथों से बनाई गई गौशाला की पेंटिंग मुख्यमंत्री को भेंट की। वहीं, एक बच्चे ने सांकेतिक चित्रों के माध्यम से विभिन्न राष्ट्रीय प्रतीकों को प्रस्तुत करते हुए उनके बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री ने बच्चों की रचनात्मकता, प्रतिभा और आत्मविश्वास की सराहना की। उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनका मनोबल बढ़ाया और उनकी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया।

ट्राइसाइकिल से श्रवण यंत्र तक बांटे उपकरण

मुख्यमंत्री ने दिव्यांगजनों को जरूरत के अनुसार विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए। इनमें ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, बैसाखी, छड़ी, घुटनों के सहायक पट्टे, दृष्टिबाधितजनों के लिए विशेष छड़ी, गले की सहायक पट्टी और सुनने के यंत्र शामिल हैं। इन उपकरणों से दिव्यांगजनों को दैनिक गतिविधियों में सहूलियत मिलने और आत्मनिर्भरता बढ़ाने में मदद मिलेगी।

विद्यालय में विद्यार्थियों से विज्ञान पर चर्चा

इसके बाद मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 पहुंचे। यहां उन्होंने विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया और विद्यार्थियों से विज्ञान विषय पर बातचीत की। गुरुत्वाकर्षण से जुड़े सवालों के माध्यम से उन्होंने बच्चों की समझ जानने का प्रयास किया। विद्यालय की प्रयोगशाला का निरीक्षण कर उसके उपयोग और शैक्षणिक गतिविधियों के बारे में भी जानकारी ली।

मुख्यमंत्री के विद्यालय पहुंचने पर विद्यार्थियों और शिक्षकों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, मुख्य सचिव अशोक बर्णवाल, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव डॉ. सुदाम खाड़े सहित संभागीय और जिला प्रशासन के अधिकारी तथा जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें