राहुल का बड़ा दांव : लाॅन्च किया सत्याग्रह डिजिटल प्लेटफार्म, बोले- अक्सर दब जाती है अकेली आवाज

नई दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को ‘सत्याग्रह’ नाम से एक डिजिटल प्लेटफॉर्म लॉन्च करने की घोषणा की। इसका उद्देश्य देशभर में अपने अधिकारों और विभिन्न मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे लोगों की कहानियों को एक साझा डिजिटल नक्शे पर लाना है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस पहल की जानकारी साझा की।
राहुल गांधी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में जेन-जी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित और महिलाएं अपने-अपने मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। उनके मुताबिक, हर संघर्ष की अपनी कहानी है, लेकिन अकेले उठने वाली आवाज अक्सर दब जाती है। ‘सत्याग्रह’ पहल के जरिए इन अलग-अलग आवाजों को एक मंच पर लाने की कोशिश की गई है।
सच सबसे बड़ा हथियार
उन्होंने महात्मा गांधी का संदर्भ देते हुए कहा कि सच सबसे बड़ा हथियार है और एकता के साथ सच के पक्ष में खड़ा होना इसकी ताकत को और बढ़ाता है। राहुल गांधी ने लोगों से अपील की कि यदि वे किसी अन्याय के खिलाफ संघर्ष कर रहे हैं, तो अपनी कहानी इस प्लेटफॉर्म पर साझा करें।
दो मिनट में साझा कर सकेंगे अपनी कहानी
इस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर लोग अपने संघर्ष, आंदोलन या शिकायत से जुड़ी जानकारी साझा कर सकते हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, प्रक्रिया में करीब दो मिनट लगेंगे और साझा की गई कहानी को एक इंटरैक्टिव मैप पर प्रदर्शित किया जाएगा। इससे लोग अपने जैसे मुद्दों को लेकर संघर्ष कर रहे अन्य लोगों और समूहों के बारे में भी जानकारी हासिल कर सकेंगे।
संसद से सड़क तक साथ देने का दावा
राहुल गांधी ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के रूप में वे इन मुद्दों पर अपनी भूमिका निभाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने संसद में आवाज उठाने, पत्र लिखने और जरूरत पड़ने पर सड़क पर लोगों के साथ खड़े होने की बात कही।
कांग्रेस से जुड़े लोगों के अनुसार, पहल के जरिए छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों को एक डिजिटल मंच पर दर्ज करने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि, इस प्लेटफॉर्म का आगे कितना विस्तार होता है और प्राप्त शिकायतों पर किस तरह की कार्रवाई होती है, यह उसके इस्तेमाल और आगे की गतिविधियों पर निर्भर करेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
