शुक्रवार, 31 जुलाई 202610:08:12 PM
Download App
Home/देश

झाबुआ में महिला शक्ति का महाकुंभ, : स्व-सहायता समूहों को मिला 300 करोड़ का ऋण, सीएम बोले- बहनों की ताकत से आगे बढ़ रहा MP

admin

admin

Jul 31, 2026
02:46 PM
स्व-सहायता समूहों को मिला 300 करोड़ का ऋण, सीएम बोले- बहनों की ताकत से आगे बढ़ रहा MP

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश में महिला सशक्तिकरण अब केवल सरकारी प्रयास नहीं, बल्कि सामाजिक आंदोलन का रूप ले चुका है। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बहनें कृषि, पशुपालन, बैंकिंग और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान बना रही हैं। उनकी मेहनत से परिवारों में समृद्धि आ रही है और प्रदेश आत्मनिर्भरता की दिशा में तेजी से बढ़ रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव शुक्रवार को झाबुआ जिले के थांदला में आयोजित स्व-सहायता समूहों के क्षमतावर्धन एवं ऋण वितरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बहनों की शक्ति और आशीर्वाद से मध्यप्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है।

बहनों को मिले 300 करोड़ के ऋण, आत्मनिर्भरता की ओर कदम

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। प्रदेश में स्व-सहायता समूहों से जुड़ी बहनों को 300 करोड़ रुपए के ऋण वितरित किए गए हैं। इससे लाखों महिलाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता के नए अवसर मिल रहे हैं।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में स्व-सहायता समूहों द्वारा 196 दीदी कैफे संचालित किए जा रहे हैं, जबकि झाबुआ जिले में भी चार कैफे चल रहे हैं। इसके अलावा 85 आजीविका पुस्तकालयों की जिम्मेदारी भी समूहों की बहनों के पास है। गैर-कृषि आधारित 150 से अधिक क्षेत्रों में महिलाएं सक्रिय भूमिका निभा रही हैं।

कृषि से ड्रोन तक महिलाओं की बढ़ती भागीदारी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश की महिलाएं खेती से लेकर आधुनिक तकनीक तक अपनी क्षमता साबित कर रही हैं। ड्रोन दीदी खेतों में कीटनाशकों का छिड़काव कर रही हैं, वहीं कृषि सखी, पशुपालन दीदी और बैंक सखी ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश ने इस वर्ष देश में सबसे अधिक 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं का उपार्जन किया है, जिसमें महिला समूहों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। प्रदेश में 89 ड्रोन दीदियां सहित हजारों महिलाएं जैविक खेती, पशुपालन, मछली पालन और व्यावसायिक उत्पादन के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर रही हैं।

झाबुआ को विकास कार्यों की बड़ी सौगात

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने झाबुआ जिले को 174.64 करोड़ रुपए के 29 विकास कार्यों का भूमि-पूजन और 109.17 करोड़ रुपए के 28 विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को लाभ वितरित किए और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया।

उन्होंने कहा कि झाबुआ क्षेत्र प्राकृतिक खेती के लिए बेहद अनुकूल है। यहां के किसान जैविक और प्राकृतिक खेती के माध्यम से नई मिसाल कायम कर रहे हैं। सरकार कृषि कल्याण वर्ष के तहत किसानों और महिला समूहों को हरसंभव सहयोग दे रही है।

रोजगार के लिए अब पलायन नहीं करना पड़ेगा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में उद्योग और एमएसएमई के माध्यम से रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा रहे हैं। ग्वालियर क्षेत्र में संचार क्षेत्र की नई इकाई स्थापित होगी, जिससे करीब 14 हजार रोजगार के अवसर बनेंगे। वहीं धार जिले में स्थापित होने वाले पीएम मित्र पार्क से तीन लाख लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की संभावना है।

उन्होंने कहा कि झाबुआ, धार और आलीराजपुर जैसे जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को अब रोजगार के लिए बाहर जाने की जरूरत नहीं होगी। आने वाले समय में बड़े उद्योग यहां स्थापित होंगे और स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध होंगे।

झाबुआ में शिक्षा, स्वास्थ्य और खेल सुविधाओं का विस्तार

मुख्यमंत्री ने झाबुआ में 70 करोड़ रुपए की लागत से आयुर्वेदिक चिकित्सा महाविद्यालय का भूमि-पूजन किया। इसके साथ ही 35 करोड़ 29 लाख रुपए की लागत से सांदीपनि विद्यालय शुरू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि थांदला में जल्द रेल सुविधा का विस्तार होगा और पक्का हेलीपैड भी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में खेल स्टेडियम बनाने की घोषणा करते हुए कहा कि युवाओं को खेलों में आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने रणजी टीम में चयनित थांदला के खिलाड़ी अर्पित भटेवरा को सम्मानित कर शुभकामनाएं दीं।

महिला सुरक्षा और समान कानून पर भी बोले मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। महिलाओं के खिलाफ अपराध करने वालों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिला सुरक्षा डेस्क और महिला थानों को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने समान नागरिक संहिता का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार सभी वर्गों के सम्मान और समान अधिकारों के लिए कार्य कर रही है। जनजातीय समुदाय को इससे मुक्त रखा गया है। कार्यक्रम में जनजातीय कार्य मंत्री विजय शाह, महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया, सांसद अनिता चौहान सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें