सोमवार, 8 जून 202607:07:22 PM
Download App
Home/देश

देश की राजनीति में दो ध्रुव : इंडिया ब्लाॅक की बैठक के बीच शरद पवार का बड़ा बयान, एनसीपी नेता ने विपक्षी दलों को भी दी नसीहत

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jun 08, 2026
10:26 AM
इंडिया ब्लाॅक की बैठक के बीच शरद पवार का बड़ा बयान, एनसीपी नेता ने विपक्षी दलों को भी दी नसीहत

नई दिल्ली। केन्द्र सरकार की नीतियों के खिलाफ राजधानी दिल्ली में सोमवार को इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में 23 दलों के नेताओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। एनसीपी शरद पवार गुट की ओर से सांसद सुप्रिया सुले प्रतिनिधित्व कर रही है। खास बात यह रही की इस बैठक के बीच राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) के अध्यक्ष शरद पवार ने इंडिया ब्लाॅक की एकता और राजनीतिक रणनीति को लेकर बड़ा बयान दिया है।

शरद पवार ने कहा कि देश की राजनीति इस समय दो प्रमुख ध्रुवों में विभाजित दिखाई दे रही है। एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाला गठबंधन है, जबकि दूसरी ओर वे राजनीतिक दल और नेता हैं जो उनकी विचारधारा से सहमत नहीं हैं और एक साझा मंच पर आने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अगले दो से तीन वर्षों में कोई बड़ा राष्ट्रीय चुनाव नहीं होने के कारण विपक्षी दलों के पास अपने संगठन को मजबूत करने, आपसी विश्वास बढ़ाने और भविष्य के लिए साझा राजनीतिक रोडमैप तैयार करने का पर्याप्त समय उपलब्ध है।

विपक्षी दलों के बीच संवाद और समन्वय की जरूरत

एनसीपी के सीनियर नेता ने कहा कि हाल के विधानसभा चुनावों में विपक्षी दलों ने अलग-अलग परिस्थितियों के अनुसार रणनीतियां अपनाईं। कुछ राज्यों में दलों ने गठबंधन बनाकर चुनाव लड़ा, जबकि कई जगह वे अलग-अलग मैदान में उतरे। चुनाव परिणाम आने के बाद भी कई राज्यों में राजनीतिक समीकरण बदले, जिससे विपक्षी दलों के बीच बेहतर संवाद और समन्वय की आवश्यकता और अधिक महसूस हुई है।

बैठकों में साझा रणनीति के होंगे प्रयास

उन्होंने बताया कि तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी डीएमके इस बैठक में शामिल नहीं हो रही है, लेकिन विपक्षी दलों को साथ लाने की प्रक्रिया लगातार जारी है। पवार ने कहा कि अगले 8 से 15 दिनों के भीतर वरिष्ठ विपक्षी नेताओं की एक और बैठक आयोजित किए जाने की संभावना है। इस बैठक में विभिन्न दलों के बीच मौजूद मतभेदों पर चर्चा कर व्यापक स्तर पर साझा रणनीति तैयार करने का प्रयास किया जाएगा।

विपक्षी दलों को अपनाना होगा व्यावहारिक दृष्टिकाण

एनसीपी प्रमुख ने कहा कि विपक्षी एकता को मजबूत बनाने के लिए सभी दलों को संतुलित और व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना होगा। उन्होंने किसी भी राजनीतिक दल को अत्यधिक कठोर या अतिवादी रुख अपनाने से बचने की सलाह देते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में व्यापक सहमति और सहयोग ही सफलता की कुंजी है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें