Bharat Bhagya Vidhata : रायपुर में 'भारत भाग्य विधाता' की स्पेशल स्क्रीनिंग आज, कंगना रनौत और सीएम विष्णुदेव साय होंगे शामिल

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आज फिल्मी दुनिया और राजनीति का अनोखा संगम देखने को मिलेगा। बहुचर्चित फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' की विशेष स्क्रीनिंग आज शाम 5 बजे जोरा मॉल स्थित मल्टीप्लेक्स में आयोजित की गई है। इस खास मौके पर बॉलीवुड अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के साथ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी फिल्म का अवलोकन करेंगे।
फिल्म के निर्देशक मनोज तापड़िया भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे। स्क्रीनिंग के बाद वे मीडिया प्रतिनिधियों और दर्शकों से बातचीत कर फिल्म निर्माण से जुड़े अनुभव साझा करेंगे।
रायपुर में सितारों और सियासत का संगम
फिल्म की स्पेशल स्क्रीनिंग को लेकर राजधानी में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। एक ओर जहां फिल्म जगत की चर्चित हस्तियां कार्यक्रम में शामिल होंगी, वहीं राजनीतिक क्षेत्र के कई प्रमुख चेहरे भी मौजूद रहेंगे। ऐसे में यह आयोजन मनोरंजन और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी के कारण चर्चा का केंद्र बना हुआ है।फिल्म के प्रति दर्शकों की उत्सुकता पहले से ही बनी हुई है और रायपुर में आयोजित यह विशेष स्क्रीनिंग इसके प्रमोशन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

26/11 हमले के अनसुने नायकों की कहानी
'भारत भाग्य विधाता' फिल्म 26 नवंबर 2008 को मुंबई में हुए आतंकवादी हमलों की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म में विशेष रूप से मुंबई के कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और कर्मचारियों की बहादुरी और मानवता को दर्शाया गया है।
जब मुंबई आतंकी हमलों से दहल रहा था, तब कामा अस्पताल के स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर सैकड़ों लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की थी। फिल्म में उन्हीं साहसी लोगों की संघर्षपूर्ण और प्रेरणादायक कहानी को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत किया गया है।
सच्ची घटनाओं से प्रेरित है फिल्म
फिल्म वास्तविक घटनाओं से प्रेरित है। बताया जाता है कि 26/11 हमलों के दौरान कामा अस्पताल के डॉक्टरों, नर्सों और स्टाफ ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए करीब 400 लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 'भारत भाग्य विधाता' उन गुमनाम नायकों को श्रद्धांजलि देने का प्रयास है, जिन्होंने संकट की घड़ी में मानवता की मिसाल पेश की।
फिल्म में स्वास्थ्यकर्मियों, सुरक्षा बलों और आम नागरिकों के साहस, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति को भावनात्मक अंदाज में दर्शाया गया है, जो दर्शकों को प्रेरित करने का काम करेगी।
नीरज द्विवेदी
5 साल से ज्यादा का पत्रकारिता अनुभव। टीवी और प्रिंट मीडिया में कलमकारी की है। पॉलिटिकल और पब्लिक कनेक्ट की खबरों में दिलचल्पी। TV27NEWS DIGITAL में एंकरिंग भी कर रहे हैं।
