आम जनता पर महंगाई का वार : थोक दर पहुंची 12% के पार, ईंधर-बिजली की कीमतों में लगी आग, खाद्य पदार्थों ने भी बिगाड़ा बजट

नई दिल्ली। देश में महंगाई को लेकर चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। अक्टूबर 2026 में थोक महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 12.29 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 11.39 प्रतिशत थी। महंगाई बढ़ने की सबसे बड़ी वजह ईंधन और बिजली की कीमतों में आया भारी उछाल माना जा रहा है। इनकी कीमतों में सालाना आधार पर 32.84 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार को वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय की ओर से जारी आंकड़ों में यह जानकारी सामने आई।
ईंधन और बिजली ने बढ़ाई महंगाई की चिंता
सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में सभी वस्तुओं का थोक मूल्य सूचकांक बढ़कर 113.3 हो गया, जबकि सितंबर में यह 112.5 था। ईंधन और बिजली की कीमतों में तेजी ने थोक महंगाई को ऊपर पहुंचाने में प्रमुख भूमिका निभाई।
अक्टूबर में प्राथमिक वस्तुओं की महंगाई दर 9.24 प्रतिशत रही, जो सितंबर के 8.67 प्रतिशत से अधिक है। वहीं, ईंधन और बिजली की महंगाई दर सितंबर के 25.85 प्रतिशत से बढ़कर 32.84 प्रतिशत हो गई। विनिर्मित वस्तुओं की महंगाई दर हालांकि सितंबर के 9.76 प्रतिशत से मामूली घटकर अक्टूबर में 9.54 प्रतिशत रही।
खाद्य वस्तुओं की कीमतों में भी तेजी
खाद्य वस्तुओं की कीमतों में बढ़ोतरी भी चिंता बढ़ा रही है। अक्टूबर में थोक खाद्य महंगाई दर 8.58 प्रतिशत दर्ज की गई, जबकि सितंबर में यह 8.66 प्रतिशत थी। इसमें मामूली गिरावट जरूर आई है, लेकिन खाद्य वस्तुओं की महंगाई अब भी ऊंचे स्तर पर बनी हुई है।
मंत्रालय के अनुसार, खनिज तेल, कच्चा पेट्रोलियम, प्राकृतिक गैस, बिजली, खाद्य वस्तुएं, मूल धातुएं, रसायन, कपड़ा, रबर और प्लास्टिक उत्पादों की कीमतों ने थोक महंगाई को प्रभावित किया है।
खुदरा महंगाई में भी बढ़ोतरी
थोक महंगाई के साथ खुदरा महंगाई के आंकड़े भी चिंता बढ़ाने वाले हैं। अक्टूबर में खुदरा महंगाई दर बढ़कर 6.09 प्रतिशत पर पहुंच गई, जबकि सितंबर में यह 5.54 प्रतिशत थी। यानी एक महीने में इसमें 0.55 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
ग्रामीण क्षेत्रों में खुदरा महंगाई दर 6.63 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 5.41 प्रतिशत रही। खाद्य महंगाई दर भी सितंबर के 7.74 प्रतिशत से बढ़कर अक्टूबर में 8.94 प्रतिशत हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य महंगाई 9.09 प्रतिशत और शहरी क्षेत्रों में 8.68 प्रतिशत दर्ज की गई।
आम आदमी के बजट पर बढ़ सकता है दबाव
थोक और खुदरा दोनों स्तरों पर महंगाई में बढ़ोतरी अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण संकेत है। ईंधन, बिजली और खाद्य वस्तुओं की कीमतों में तेजी का असर परिवहन, उत्पादन और रोजमर्रा की जरूरतों पर पड़ सकता है। इससे आम परिवारों के मासिक बजट पर अतिरिक्त दबाव आने की आशंका है। आने वाले समय में महंगाई पर नियंत्रण बनाए रखना सरकार और आर्थिक नीति निर्धारकों के लिए बड़ी चुनौती होगी।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
