मंगलवार, 11 अगस्त 202601:13:25 PM
Download App
Home/देश

एनडीए सांसदों के साथ पीएम का मंगल मिलन : वंदे मातरम के नारों से हुई मीटिंग की शुरुआत, मोदी ने लहराया तिरंगा, सदन में विपक्ष को घेरने पर बनी रणनीति

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Aug 11, 2026
06:00 AM
वंदे मातरम के नारों से हुई मीटिंग की शुरुआत, मोदी ने लहराया तिरंगा, सदन में विपक्ष को घेरने पर बनी रणनीति

नई दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के बीच मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ एनडीए सांसदों की ‘मंगल मिलन’ बैठक आयोजित हुई। संसद पुस्तकालय में हुई बैठक की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के नारों के साथ हुई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन समेत एनडीए के कई नेता इस दौरान तिरंगा लहराते नजर आए। बैठक में सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ संसद में विपक्ष को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा हुई।

हाथों में पोस्टर, सदन में सरकार का एजेंडा

बैठक के बाद एनडीए सांसदों की ओर से संसद में कई मुद्दों को प्रमुखता से उठाने की तैयारी है। सांसद हाथों में पोस्टर लेकर सदन में प्रवेश करेंगे। इनमें छात्रों के प्रदर्शन और झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित अत्याचार का मुद्दा शामिल रहेगा। भाजपा सांसदों का आरोप है कि सरकार छात्रों के प्रदर्शन पर चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बच रही है।

सरकार की उपलब्धियां गिनाने पर जोर

‘मंगल मिलन’ में रोजगार, आर्थिक विकास, खेल, गरीबी उन्मूलन और युवाओं के लिए बढ़ते अवसरों पर भी चर्चा हुई। भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने कहा कि भारत तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है और रोजगार के क्षेत्र में देश की स्थिति मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि 25 करोड़ से अधिक लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं।

विपक्ष पर संसद बाधित करने का आरोप

भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि बैठक में देश में चल रहे विकास कार्यों और सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा हुई। उन्होंने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। सांसदों ने यह भी तय किया कि सदन की कार्यवाही के दौरान उनकी उपस्थिति सुनिश्चित रहे, ताकि महत्वपूर्ण विधेयकों को पारित कराया जा सके।

खेल से अर्थव्यवस्था तक उपलब्धियों का बखान

राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल ने खेलों में भारत की बढ़ती वैश्विक पहचान का जिक्र किया। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत के प्रदर्शन की तुलना पिछली सरकारों से करते हुए सकारात्मक बदलाव का दावा किया। वहीं सांसद रवि किशन ने आर्थिक और सामाजिक विकास, जीडीपी वृद्धि और रोजगार के बढ़ते अवसरों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि जनता को यह जानने का अधिकार है कि विपक्ष संसद की कार्यवाही को सुचारु रूप से क्यों नहीं चलने दे रहा।

सत्र में सत्ता पक्ष की रणनीति साफ

‘मंगल मिलन’ बैठक से संकेत साफ है कि एनडीए सांसद सरकार की उपलब्धियों को सदन में प्रमुखता से रखने के साथ विपक्ष को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति के साथ आगे बढ़ेंगे। छात्रों के प्रदर्शन से लेकर विकास और रोजगार तक, आने वाले दिनों में संसद में सियासी टकराव और तेज होने के आसार हैं।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें