टीम इंडिया की टी20 टीम पर बड़ा मंथन 6 जून को : कप्तानी, वैभव का डेब्यू और एशियन गेम्स पर अहम फैसला लेगी चयन समिति, क्या खत्म होगा सूर्या का दौर?

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट के लिए आने वाले महीने बेहद अहम साबित होने वाले हैं। इसकी शुरुआत शनिवार से हो जाएगी। चयन समिति इस दिन मुंबई में हाईलेवल मीटिंग करेगी। मुख्य चयनकर्ता अजीत आगरकर की अगुवाई में होने वाली इस बैठक में आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम पर भी मुहर लगेगी। साथ ही 2026 एशियन गेम्स के लिए संभावित स्क्वॉड पर भी चर्चा होगी। कप्तानी से लेकर युवा खिलाड़ियों के भविष्य तक कई अहम मुद्दे चयनकर्ताओं के सामने होंगे।
जुलाई में इंग्लैंड से 5 टी20 मैचों की सीरीज खेलेगी टीम इंडिया
भारत जून में आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 मैच खेलेगा, जबकि जुलाई में इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। इसी बीच वेस्टइंडीज दौरा और सितंबर में जापान में होने वाले एशियन गेम्स लगभग एक ही समय पर पड़ रहे हैं। ऐसे में चयनकर्ताओं को यह तय करना होगा कि एशियन गेम्स में अनुभवी खिलाड़ियों को भेजा जाए या फिर युवा प्रतिभाओं को मौका दिया जाए। चूंकि वहां पदक दांव पर होगा, इसलिए इस मुद्दे पर गंभीर चर्चा की संभावना है।
सूर्या पर मंडरा रहे संकट के बादल
भारतीय टी20 टीम की कप्तानी सबसे बड़ा चर्चा का विषय बनी हुई है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में भारत ने टी20 विश्व कप खिताब बरकरार रखा, लेकिन उनकी व्यक्तिगत बल्लेबाजी उम्मीदों के अनुरूप नहीं रही। आईपीएल 2026 में उन्होंने 13 पारियों में केवल 270 रन बनाए, जबकि विश्व कप में भी उनका प्रदर्शन औसत रहा।
इसके अलावा सितंबर में सूर्यकुमार 36 वर्ष के हो जाएंगे। एशियन गेम्स के लिए बीसीसीआई द्वारा पहले भेजी गई 30 खिलाड़ियों की सूची में भी उनका नाम शामिल नहीं था। ऐसे में चयनकर्ता कप्तानी के लिए नए विकल्पों पर विचार कर सकते हैं और सूर्या को केवल बल्लेबाज के रूप में टीम में बनाए रखने का फैसला भी लिया जा सकता है।

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है बड़ा इनाम
इस चयन बैठक में सबसे ज्यादा चर्चा 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को लेकर हो सकती है। आईपीएल 2026 में युवा बल्लेबाज ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा। बड़े गेंदबाजों के खिलाफ निडर अंदाज में रन बनाने वाले वैभव को भविष्य का स्टार माना जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक चयनकर्ताओं का मानना है कि वह अंतरराष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में मौका पाने के लिए तैयार हैं। हालांकि टीम में पहले से अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। ऐसे में चयनकर्ता रोटेशन नीति अपनाकर वैभव को शुरुआती सीरीज में मौका दे सकते हैं।

कप्तानी की दौड़ में श्रेयस अय्यर सबसे आगे
पिछले दो आईपीएल सीजन में श्रेयस अय्यर ने कप्तान के तौर पर शानदार नेतृत्व क्षमता दिखाई है। पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाने के अलावा उन्होंने पहले भी विभिन्न फ्रेंचाइजियों के साथ सफल कप्तानी की है। यही कारण है कि उन्हें भारतीय टी20 टीम की कप्तानी का मजबूत दावेदार माना जा रहा है।
हालांकि कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से पहले उन्हें टीम में अपनी जगह पक्की करनी होगी, क्योंकि पिछली विश्व कप टीम में उन्हें शामिल नहीं किया गया था।
रजत पाटीदार और हार्दिक पंड्या पर भी रहेंगी निगाहें
रजत पाटीदार ने आईपीएल 2026 में कप्तान और बल्लेबाज दोनों भूमिकाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपनी टीम को लगातार दूसरा खिताब दिलाया। उनकी सफलता ने उन्हें चयनकर्ताओं की नजर में मजबूत दावेदार बना दिया है। हालांकि मिडिल ऑर्डर में जगह सीमित होने के कारण पाटीदार और श्रेयस अय्यर के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल सकती है।
वहीं हार्दिक पंड्या का प्रदर्शन इस सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। फिटनेस समस्याओं और पीठ की चोट ने उनके खेल को प्रभावित किया। इसके बावजूद चयनकर्ता उनकी ऑलराउंड क्षमता और अनुभव को देखते हुए उन पर नजर बनाए रखेंगे।
कई बड़े फैसलों पर टिकी होंगी निगाहें
मुंबई में होने वाली यह चयन बैठक सिर्फ टीम चयन तक सीमित नहीं होगी, बल्कि भारतीय टी20 क्रिकेट की भविष्य की दिशा भी तय कर सकती है। कप्तानी में बदलाव, युवा खिलाड़ियों को मौका और एशियन गेम्स की रणनीति जैसे मुद्दों पर लिए जाने वाले फैसलों पर पूरे क्रिकेट जगत की नजरें टिकी रहेंगी।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
