देश में आजादी का उल्लास : राजधानी में शान से लहराएगा तिरंगा, सीएम मोहन करेंगे झंडा वंदन, जांबाजों की 22 टुकड़ियां दिखाएंगी ताकत

भोपाल। आज देश में 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाया जा रहा है। मध्य प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय समारोह शनिवार राजधानी भोपाल के लाल परेड मैदान में उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समारोह में ध्वजारोहण करेंगे और संयुक्त परेड की सलामी लेंगे। इस दौरान बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों और पुलिस की टुकड़ियां मार्च पास्ट के जरिए देशभक्ति और अनुशासन का प्रदर्शन करेंगी।
ध्वजारोहण के बाद जनता के नाम देंगे संदेश
मुख्यमंत्री ध्वजारोहण के बाद परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे प्रदेशवासियों के नाम स्वतंत्रता दिवस संदेश का वाचन करेंगे। समारोह में पुलिस बैंड सहित कुल 22 टुकड़ियां आकर्षक और अनुशासित मार्च पास्ट प्रस्तुत करेंगी। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारी और एसडीओपी सिहोरा, जबलपुर आदित्य सिंघारिया करेंगे। नगर पुलिस अधीक्षक सिंगरौली हेमंत कुमार सहायक परेड कमांडर की जिम्मेदारी संभालेंगे।
सुरक्षा बलों की टुकड़ियां दिखाएंगी ताकत
राज्य स्तरीय समारोह की परेड में विभिन्न सुरक्षा बलों और संगठनों की टुकड़ियां शामिल होंगी। इनमें महाराष्ट्र पुलिस बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, सशस्त्र सीमा बल, सीमा सुरक्षा बल और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल प्रमुख हैं।
इसके अलावा हॉक फोर्स, एसटीएफ, महिला पुलिस बल, विशेष सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल, जेल विभाग, शासकीय रेल पुलिस और नगर सेना की टुकड़ियां भी मार्च पास्ट का हिस्सा रहेंगी। एनसीसी, गाइड, स्काउट्स, शौर्य दल, पुलिस बैंड और अश्वरोही दल भी समारोह की भव्यता बढ़ाएंगे।
उत्कृष्ट सेवाओं के लिए होगा सम्मान
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान उत्कृष्ट और उल्लेखनीय सेवाओं के लिए चयनित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पदकों से सम्मानित किया जाएगा। मुख्यमंत्री परेड कमांडर और विभिन्न प्लाटून कमांडरों को पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। इससे बेहतर सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों का उत्साह बढ़ेगा।
सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पूरी तरह तैयार
राज्य सरकार ने समारोह को व्यवस्थित और गरिमामय बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात, पार्किंग और नागरिकों के आवागमन को लेकर भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। लाल परेड मैदान में होने वाला यह समारोह प्रदेश में स्वतंत्रता दिवस के मुख्य आयोजनों में प्रमुख आकर्षण रहेगा।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
