आशुतोष मेरे अनुज, : नरोत्तम ने मतभेद की अटकलों पर लगाया ऐसे लगाया विराम

भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव परिणाम के सियासी सरगर्मी के बीच पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने चुनाव में हार का सामना कर चुके आशुतोष तिवारी से मुलाकात की है। साथ ही उन्होंने पार्टी के भीतर मतभेद और गुटबाजी की चर्चाओं को सिरे से खारिज कर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर चल रही उन अटकलों को भ्रामक और निराधार बताया, जिनमें भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी और उनके बीच मनमुटाव की बात कही जा रही थी। मिश्रा ने स्पष्ट किया कि दोनों के रिश्ते पहले जैसे ही मजबूत और आत्मीय हैं।
25 साल पुराना रिश्ता, कभी नहीं आई कटुता
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किए गए संदेश में डॉ. मिश्रा ने कहा कि आशुतोष तिवारी उनके अनुज समान हैं और दोनों के बीच करीब 25 वर्षों का पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने लिखा कि उनके मन में हमेशा आशुतोष के प्रति स्नेह और सम्मान रहा है तथा दोनों के बीच न पहले कभी कोई कटुता थी और न आज है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई मुलाकात भी हमेशा की तरह आत्मीय माहौल में हुई।
आशुतोष तिवारी की कार्यशैली की सराहना
पूर्व गृहमंत्री ने आशुतोष तिवारी को भाजपा का मेहनती, समर्पित और ईमानदार कार्यकर्ता बताते हुए कहा कि वे वर्ष 2003 के डबरा विधानसभा चुनाव से उनकी कार्यशैली को करीब से देख रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आशुतोष भविष्य में भी संगठन और जनता की अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरे उतरेंगे। मिश्रा ने यह भी कहा कि चुनाव परिणाम के बाद आशुतोष तिवारी ने किसी भी व्यक्ति पर आरोप नहीं लगाया, जो उनके संगठनात्मक संस्कारों को दर्शाता है।
कार्यकर्ताओं को दी संयम और एकजुटता की सीख
डॉ. मिश्रा ने अपने समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर ऐसी कोई टिप्पणी या बयानबाजी न करें, जिससे पार्टी, संगठन या किसी कार्यकर्ता की छवि को नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसकी एकजुटता, अनुशासन और संगठनात्मक संस्कृति है। राजनीति में हार-जीत सामान्य बात है, लेकिन रिश्ते, संस्कार और संगठन हमेशा सर्वोपरि रहने चाहिए। माना जा रहा है कि उनका यह संदेश दतिया उपचुनाव के बाद पैदा हुई चर्चाओं पर विराम लगाने और संगठन में एकजुटता का संदेश देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
