अमित शाह के भोपाल दौरे से पहले सुरक्षा का बड़ा घेरा : ताज लेकफ्रंट से भौंरी तक विशेष निगरानी, 5 किलोमीटर दायरे में उड़ान पर रोक

भोपाल। केन्द्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 3 अक्टूबर को राजधानी भोपाल के दौरे आ रहे हैं। वे भेल दशहरा मैदान में आयोजित हो रहे सहकारिता और दुग्ध सम्मेलन को संबोधित करेंगे। सम्मेलन में भोपाल और नर्मदापुरम जिले से करीब 35000 किसानों के आने उम्मीद है। अमित शाह के दौरे को लेकर जिला और पुलिस प्रशासन हकरत में आ गया है और सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने में जुट गया है।
वीआईपी सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ताज लेकफ्रंट होटल, भेल दशहरा मैदान और आईआईएसईआर भौंरी के आसपास विशेष सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अलर्ट मोड में आ गया है। इन सभी स्थानों से 5 किलोमीटर के दायरे में नो फ्लाइंग जोन घोषित कर दिया है। इस क्षेत्र में ड्रोन समेत किसी भी प्रकार की उड़ने वाली वस्तु के संचालन पर प्रतिबंध रहेगा। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां इन इलाकों में लगातार निगरानी रखेंगी।
2 अक्टूबर शाम 6 बजे से लागू होगा आदेश
प्रशासन की ओर से जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के मुताबिक यह व्यवस्था 2 अक्टूबर की शाम 6 बजे से 3 अक्टूबर की रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगी। इस दौरान निर्धारित क्षेत्र में बिना अनुमति किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि संचालित नहीं की जा सकेगी।
ड्रोन से लेकर गर्म हवा के गुब्बारे तक प्रतिबंध
निषिद्ध उड़ान क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडर, गर्म हवा के गुब्बारे और अन्य उड़ने वाली वस्तुओं को उड़ाने पर रोक लगाई गई है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से प्रतिबंधों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।
जेड प्लस सुरक्षा घेरे में रहेंगे केंद्रीय गृहमंत्री
बता दें कि अमित शाह को जेड प्लस सुरक्षा प्राप्त है। उनके भोपाल दौरे के दौरान केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल सहित अन्य सुरक्षा एजेंसियां तैनात रहेंगी। वीआईपी सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कार्यक्रम स्थलों और उनके आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंधित अवधि के दौरान आदेश का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए संबंधित क्षेत्रों में तैनात अधिकारी और सुरक्षा बल आदेश का पालन सुनिश्चित करेंगे।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
