आशीर्वाद दीया कार्यक्रम : टेंडर को लेकर विवादों में आया पर्यटन विभाग, कांग्रेस ने की सीबीआई जाचं की मांग, सरकार पर लगाए आरोप

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर आयोजित किए आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम को लेकर मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग विवादों में घिर गया है। कांग्रेस ने आयोजन के लिए जारी किए गए टेंडर में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए सरकार और पर्यटन विभाग को अपने निशाने पर लिया है। प्रदेश महामंत्री अमित शर्मा ने आरोप लगाया है कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम 5 हजार दीए जलाने के लिए पर्यटन विभाग की ओर से 4.28 करोड़ रुपये का टेंडर मंजूर किया गया। उन्होंने दावा किया की अहमदाबाद की कपंनी को फायदा पहुंचाने के लिए निमयों को दरकिनार किया गया। शर्मा ने पूरे मामले की सीबीआई से जांच कराने की मांग की है।
डेढ़ घंटे में टेंडर प्रक्रिया पूरी करने का आरोप
अमित शर्मा ने आरोप लगाया कि पर्यटन विभाग ने अहमदाबाद की गो बनाना कंपनी को फायदा पहुंचाने के उद्देश्य से टेंडर प्रक्रिया अपनाई। उन्होंने दावा किया कि 16 सितंबर को दोपहर 3ः46 बजे से शाम 5ः15 बजे तक ही टेंडर जमा करने का समय दिया गया था। कांग्रेस नेता के मुताबिक, इतनी कम अवधि में निविदा प्रक्रिया पूरी करने से उसकी पारदर्शिता पर सवाल उठते हैं।
एक दीये की कीमत 10 हजार रुपये बताई
कांग्रेस ने टेंडर की राशि पर सवाल उठाते हुए कहा कि 5 हजार दीयों के लिए करीब 4.28 करोड़ रुपये खर्च करने का प्रावधान किया गया। अमित शर्मा ने इस हिसाब से एक दीये की कीमत लगभग 10 हजार रुपये होने का दावा किया। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि टेंडर प्रक्रिया, खर्च की राशि और संबंधित कंपनी को कथित लाभ पहुंचाने के आरोपों की सच्चाई सामने आ सके। कांग्रेस ने सवाल उठाया कि इतने कम समय में निविदा आमंत्रित करने की जरूरत क्यों पड़ी और इतनी बड़ी राशि किस आधार पर तय की गई।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
