महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में दर्दनाक हादसा : समुद्र में डूबे 8 छात्र, शव बरामद, दिवेआगर बीच पर पिकनिक मातम में बदली, परिजनों का रो रोकर बुरा हाल

मुंबई। महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के दिवेआगर बीच पर गुरुवार को दर्दनाक हादसा हो गया। बीच पर नहाने के दौरान समुद्र में डूबने से आठ छात्रों की मौत हो गई। पुणे के आलंदी स्थित विनर्स एकेडमी फार 11वीं और 12वीं क्लास में पढऩे वाले सभी छात्र टूर पर आए थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने बड़े स्तर पर तलाशी अभियान शुरू किया, जिसके बाद सभी आठ छात्रों के शव बरामद कर लिए गए। घटना के बाद से मृतकों के परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक, विनर्स एकेडमी का कुल 48 सदस्यीय दल दिवेआगर पहुंचा था. इस ग्रुप में 25 लड़के, 17 लड़कियां और 6 टीचर शामिल थे। सभी लोग पुणे के आलंदी स्थित कोचिंग संस्थान से जुड़े थे। समुद्र किनारे पहुंचने के बाद कुछ छात्र तैरने के लिए पानी में उतरे। इसी दौरान वे समुद्र की गहराई और तेज बहाव का अनुमान नहीं लगा सके और डूब गए।
लहरों और बहाव की चपेट में आए छात्र
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, समुद्र में उतरने के बाद आठ छात्र पानी के तेज बहाव और लहरों की चपेट में आ गए। देखते ही देखते वे किनारे से दूर चले गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और बचाव दल सक्रिय हो गया। स्थानीय स्तर पर भी तलाशी अभियान चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद सभी आठ छात्रों के शव समुद्र से बरामद कर लिए गए।
हादसे ने परिवारों को तोड़ा
एक साथ पिकनिक पर गए छात्रों में से आठ की मौत की खबर सामने आने के बाद उनके परिवारों में मातम पसर गया। जिन छात्रों की जान गई, उनकी पहचान यश किरण वानखेडे, सोहम तुकाराम भांडवलकर, तन्मय दत्तात्रय वाहिले, कौस्तुभ संदीप दौंड, कैवल्य वासनकर, राजवीर वाहिले, प्रणव बनसोडे और सुमित अहिरे के रूप में हुई है। सभी छात्र किशोर उम्र के थे और पढ़ाई कर रहे थे।
पुलिस-प्रशासन की टीम मौके पर मौजूद
हादसे के बाद दिवेआगर बीच पर पुलिस के साथ राजस्व और स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी पहुंचीं। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और आवश्यक प्रशासनिक कार्रवाई शुरू की। पुलिस हादसे से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। घटना के बाद समुद्र तट पर सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
एक पल की लापरवाही ने उजाड़ दिए कई परिवार
पिकनिक के दौरान समुद्र में उतरना छात्रों के लिए जानलेवा साबित हुआ। समुद्र की गहराई और बहाव का सही अंदाजा नहीं लग पाने के कारण यह हादसा हुआ। घटना ने समुद्र तटों पर सुरक्षा और निगरानी की जरूरत को एक बार फिर सामने ला दिया है। जिस पिकनिक से छात्रों और शिक्षकों को यादगार दिन की उम्मीद थी, वह आठ परिवारों के लिए कभी न भूल पाने वाली त्रासदी में बदल गई।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
