मप्र में सुगम सफर की सौगात : दशहरा मैदान पहुंचकर सीएम ने तैयारियों का लिया जायजा, आज गडकरी के साथ 351 बसों को दिखाएंगे हरी झंडी

भोपाल। मध्यप्रदेश में 25 सितंबर से सुगम यात्री परिवहन की दिशा में नया अध्याय लिखा जाएगा। लंबे अरसे बाद प्रदेश में सरकारी नियंत्रण में गांव से शहरों तक बसें दौड़ती नजर आएंगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा का शुभारंभ करेंगे। इसके तहत प्रदेश के सात शहरों की 351 इंटरसिटी और इंट्रासिटी बसों को एक साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
दशहरा मैदान में तैयारियों का लिया जायजा
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव गुरुवार शाम गोविंदपुरा स्थित बीएचईएल दशहरा मैदान पहुंचे और कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने मंच, सभा स्थल और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी ली और तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। परिवहन सचिव मनीष सिंह ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं से अवगत कराया।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगी बसें
मुख्यमंत्री ने शुभारंभ के लिए तैयार नई बसों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बसों में बैठकर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और आधुनिक तकनीक की जानकारी ली। सरकार की ओर से शुरू की जा रही इस सेवा का उद्देश्य अलग-अलग शहरों के साथ आसपास के क्षेत्रों के बीच आवागमन को आसान बनाना है।
7 शहरों से 351 बसों की शुरुआत
मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के पहले चरण में भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा, देवास, कटनी और भिंड को शामिल किया गया है। इन शहरों से इंटरसिटी और इंट्रासिटी बस सेवाएं शुरू होंगी।
इंदौर से 145 बसें चलेंगी, जिनमें 50 इंटरसिटी और 95 इंट्रासिटी बसें शामिल हैं। भोपाल से 106 बसें रवाना होंगी, इनमें 23 इंटरसिटी और 83 इंट्रासिटी बसें हैं। जबलपुर के लिए 67 बसें निर्धारित की गई हैं, जिनमें 14 इंटरसिटी और 53 इंट्रासिटी बसें शामिल हैं। रीवा से 18 इंटरसिटी, देवास से 10, कटनी से 3 और भिंड से 2 इंटरसिटी बसें शुरू की जाएंगी।
शहरों के साथ आसपास के क्षेत्रों को भी मिलेगा लाभ
नई बस सेवा के जरिए यात्रियों को नियमित और सीधा सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया है। सेवा शुरू होने से प्रमुख शहरों के साथ जुड़े क्षेत्रों में आवागमन के विकल्प बढ़ेंगे। शुक्रवार को होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम को लेकर दशहरा मैदान में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
