शनिवार, 4 जुलाई 202608:00:12 PM
Download App
Home/विदेश

थाईलैंड में दर्दनाक हादसा : तीर्थ यात्रा पर निकले 10 बौद्ध भिक्षुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल, 11 साल का बच्चा चला रहा था पिकअप ट्रक, जुलूस में घुसा

नीलम अहिरवार

नीलम अहिरवार

Jul 04, 2026
08:13 AM
तीर्थ यात्रा पर निकले 10 बौद्ध भिक्षुओं की मौत, 20 से ज्यादा घायल, 11 साल का बच्चा चला रहा था पिकअप ट्रक, जुलूस में घुसा

थाईलैंड। थाईलैंड के मुकदाहान प्रांत से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां बौद्ध भिक्षुओं के एक धार्मिक जुलूस में एक बेकाबू पिकअप ट्रक घुस गई। इस हादसे में 10 बौद्ध भिक्षुओं की मौत हो गई, जबकि 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ट्रक चला रहा चालक महज 11 साल का बच्चा था, जिसने अपने माता-पिता की जानकारी के बिना वाहन निकाल लिया था। घटना 2 जुलाई की बताई जा रही है जिसका सीसीटीवी फुटैज अब सामने आया.

कहां हुई घटना

यह दर्दनाक हादसा थाईलैंड के मुकदाहान प्रांत में उस समय हुआ, जब बौद्ध भिक्षुओं का एक धार्मिक जुलूस निकाला जा रहा था। श्रद्धालु और भिक्षु शांतिपूर्वक आगे बढ़ रहे थे, तभी तेज रफ्तार पिकअप ट्रक अचानक अनियंत्रित होकर जुलूस में जा घुसी। देखते ही देखते मौके पर चीख-पुकार मच गई और कई लोग सड़क पर गिर पड़े। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।

दर्दनाक हादसे की वजह 11 साल का बच्चा

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पिकअप ट्रक एक 11 साल का बच्चा चला रहा था। बताया जा रहा है कि उसने अपने माता-पिता की जानकारी के बिना वाहन निकाल लिया था। गाड़ी चलाते समय उसने अचानक नियंत्रण खो दिया और ट्रक सीधे धार्मिक जुलूस में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर पुलिस और राहत दल पहुंचे। पूरे इलाके को घेरकर बचाव अभियान चलाया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है और मृतकों को श्रद्धांजलि दी जा रही है

लापरवाही ने ली 10 लोगों की जान

महज एक पल की लापरवाही ने 10 लोगों की जिंदगी छीन ली और कई परिवारों को गहरा सदमा दे दिया। यह हादसा एक बार फिर याद दिलाता है कि नाबालिगों के हाथों में वाहन देना या उन्हें वाहन चलाने देना कितना खतरनाक साबित हो सकता है।

नीलम अहिरवार
Written By

नीलम अहिरवार

17 साल से टीवी और डिजिटल की दुनिया में सक्रिय। एंटरटेनमेंट, करंट अफेयर्स और पब्लिक कनेक्ट खबरों की धुरंधर। बॉलीवुड की हरकतों को दुनिया तक पहुंचाने में खास दिलचस्पी।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें