बैंकाक में खुशियों का ठिकाना बना मौत का मंजर : पब में भीषण आग लगने से 27 जिंदगियां राख, जहरीले धुएं ने मचाई तबाही

थाईलैंड। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक के चतुचक जिले में स्थित लाट फ्राओ रोड के पास एक पब में रविवार देर रात लगी भीषण आग ने खुशियों से भरी महफिल को कुछ ही मिनटों में मातम में बदल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 27 लोगों की मौत हो गई, जबकि 63 लोग घायल हुए हैं। इनमें से 22 घायलों की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। आग स्थानीय समयानुसार रात 11रू57 बजे लगी और देखते ही देखते पूरे पब में फैल गई। दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक भारी नुकसान हो चुका था।
जहरीले धुएं ने छीनी सांसें, अंधेरे में फंस गए लोग
थाईलैंड के प्रधानमंत्री अनुतिन चार्नविराकुल ने घटनास्थल का दौरा कर बताया कि अधिकांश लोगों की मौत आग की लपटों से नहीं, बल्कि जहरीले धुएं में दम घुटने के कारण हुई। बिजली गुल होने के बाद पब में अफरा-तफरी मच गई और कई लोग अंधेरे में इमरजेंसी एग्जिट तक नहीं पहुंच सके। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पब की छत पूरी तरह जल गई, जबकि अंदर रखी कई प्लास्टिक की कुर्सियां लगभग सुरक्षित मिलीं। इससे अधिकारियों को आशंका है कि जहरीले धुएं ने सबसे अधिक तबाही मचाई।

सर्किट ब्रेकर से उठा धुआं, फिर हुआ जोरदार धमाका
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सबसे पहले मंच के पास लगे सर्किट ब्रेकर से घना धुआं निकलता दिखाई दिया। इसके कुछ ही क्षण बाद बिजली चली गई और तेज धमाका हुआ। धमाके के बाद आग तेजी से पूरे पब में फैल गई। आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है। अधिकारियों ने यह भी जांच शुरू कर दी है कि हादसे के समय दोनों इमरजेंसी एग्जिट खुले थे या उनमें से कोई बंद था।
मोबाइल फोन बने पहचान का सहारा, परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल
बैंकॉक के गवर्नर चैडचार्ट सिट्टीपंट ने बताया कि अब तक 27 मृतकों में से केवल छह की आधिकारिक पहचान हो सकी है। बचाव दल को घटनास्थल से कई मोबाइल फोन मिले, जिन पर लगातार परिजनों और दोस्तों के कॉल आते रहे। राहतकर्मियों ने इन कॉल का जवाब देकर पीड़ितों की पहचान करने और उनके परिवारों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, अधिकांश शव पब के टॉयलेट के पास मिले, जहां लोग जान बचाने के लिए भागे थे। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे बैंकॉक को गहरे सदमे में डाल दिया है, जबकि प्रशासन आग लगने के कारणों और सुरक्षा व्यवस्था में हुई संभावित लापरवाही की गहन जांच कर रहा है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
