मंगलवार, 14 जुलाई 202602:30:15 AM
Download App
Home/स्पोर्ट्स

वनडे सीरीज का आगाज कल : छह महीने बाद मैदान में वापसी करेंगे किंग कोहली, बल्ले से इतिहास रचने का है सुनहरा मौका

प्रफुल्ल तिवारी

प्रफुल्ल तिवारी

Jul 13, 2026
06:15 AM
छह महीने बाद मैदान में वापसी करेंगे किंग कोहली, बल्ले से इतिहास रचने का है सुनहरा मौका

नई दिल्ली। भारत और इंग्लैंड के बीच मंगलवार से तीन वनडे सीरीज का आगाज होने जा रहा है। सीरीज का पहला मुकाबला बर्मिंघम के एजबेस्टन क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। टीम इंडिया टी-20 सीरीज में मिली करारी शिकस्त का हिसाब बराबर करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। वनडे सीरीज में विराट कोहली और रोहित शर्मा भी खेलते दिखाई देंगे। इतना ही नहीं यह सीरीज कोहली के लिए इतिहास रचने का सुनहरा अवसर भी लेकर आई है।

करीब छह महीने बाद भारतीय टीम की वनडे जर्सी में वापसी कर रहे कोहली के सामने कई बड़े रिकॉर्ड हैं। अगर वह इस सीरीज में 203 रन बना लेते हैं तो वनडे क्रिकेट में 15 हजार रन पूरे करने वाले दुनिया के सिर्फ दूसरे बल्लेबाज बन जाएंगे। क्रिकेट प्रेमियों की नजरें अब इस बात पर टिकी होंगी कि क्या किंग कोहली इंग्लैंड के खिलाफ अपने पसंदीदा मंच पर एक बार फिर बल्ले से इतिहास लिख पाएंगे।

सचिन का रिकॉर्ड तोड़ने का सुनहरा मौका

विराट कोहली ने अब तक भारत के लिए 311 वनडे मुकाबले खेले हैं और 299 पारियों में 58.71 की शानदार औसत से 14,797 रन बनाए हैं। उनके नाम 54 शतक और 77 अर्धशतक दर्ज हैं। 15 हजार रन के आंकड़े तक पहुंचने के लिए उन्हें सिर्फ 203 रन की जरूरत है। खास बात यह है कि अगर वह मौजूदा सीरीज में यह उपलब्धि हासिल कर लेते हैं तो सबसे तेज 15 हजार वनडे रन बनाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह रिकॉर्ड फिलहाल सचिन तेंदुलकर के नाम है, जिन्होंने 359 पारियों में इस मुकाम को हासिल किया था। विराट के पास यह उपलब्धि महज 302 पारियों के भीतर हासिल करने का मौका है।

इंग्लैंड के खिलाफ हमेशा चला है विराट का बल्ला

इंग्लैंड के खिलाफ विराट का प्रदर्शन हमेशा प्रभावशाली रहा है। उन्होंने इस टीम के खिलाफ 38 वनडे पारियों में 41 की औसत से 1,397 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से तीन शतक और 10 अर्धशतक निकले हैं। इंग्लैंड की धरती पर भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। वहां उन्होंने 33 पारियों में 51.88 की औसत से 1,349 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और 12 अर्धशतक शामिल हैं। ऐसे आंकड़े भारतीय टीम और प्रशंसकों की उम्मीदों को और मजबूत करते हैं।

टीम इंडिया को फिर दिखेगी किंग वाली चमक

भारतीय टीम चाहेगी कि विराट कोहली इस सीरीज में अपने अनुभव और शानदार फॉर्म का पूरा फायदा उठाएं। टीम के लिए उनकी बड़ी पारी न सिर्फ जीत की राह आसान करेगी, बल्कि भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय भी जोड़ सकती है। तीन मैचों की यह वनडे सीरीज 15 हजार रन के ऐतिहासिक मुकाम तक पहुंचने की कहानी भी बन सकती है।

प्रफुल्ल तिवारी
Written By

प्रफुल्ल तिवारी

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें