मंगलवार, 14 जुलाई 202602:12:53 AM
Download App
Home/देश

दतिया उपचुनाव का रण : भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने फाइल किया नॉमिनेशन, सीएम ने कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार, मौजूद रहे हेमंत-नरोत्तम

admin

admin

Jul 13, 2026
01:58 PM
भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने फाइल किया नॉमिनेशन, सीएम ने कांग्रेस पर किया तीखा प्रहार, मौजूद रहे हेमंत-नरोत्तम

दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर भाजपा ने अपने चुनावी अभियान का आगाज कर दिया है।भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने सोमवार को नॉमिनेशन फाइल किया। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा समेत पार्टी के तमाम दिग्गज मौजूद रहे। बता दें कि दतिया में 30 जुलाई को वोट डाले जाएंगे और तीन अगस्त को मतगणना होगी। भाजपा ने उपचुनाव में आशुतोष तिवारी को अपना प्रत्याशी बनाया है।

आशुतोष तिवारी का नामांकन दाखिल कराने के बाद सीएम यादव ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने जहां भाजपा की जीत का दावा। वहीं कांग्रेस पर भी तीखा हमला बोला। सीएम ने कहा कि यह चुनाव केवल एक प्रत्याशी का नहीं, बल्कि भाजपा की विचारधारा और कार्यकर्ताओं की जीत का अभियान है। उन्होंने दावा किया कि देश के 80 प्रतिशत हिस्से से कांग्रेस का राजनीतिक अस्तित्व खत्म हो चुका है और जनता अब भाजपा के विकास मॉडल पर भरोसा जता रही है।

कांग्रेस ने विकास नहीं, सिर्फ वोट बैंक की राजनीति की

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक जनता को भ्रमित किया और विकास के बजाय केवल वोट बैंक की राजनीति की। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासन के दौरान प्रदेश में पहले डाकुओं और फिर नक्सलवाद का आतंक रहा, जबकि भाजपा सरकार ने विकास और कानून व्यवस्था को प्राथमिकता दी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय में कई गुना वृद्धि हुई है और गांवों तक बिजली, सड़क और अन्य सुविधाएं पहुंची हैं।

दतिया के विकास के लिए हर संभव मदद का भरोसा

डॉ. यादव ने कहा कि दतिया के विकास में किसी भी तरह की कमी नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि यदि दतियावासी 100 करोड़ रुपये के विकास कार्य भी बताएंगे तो सरकार उन्हें पूरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने प्रदेश में बढ़ते निवेश, औद्योगिक परियोजनाओं और धार्मिक पर्यटन के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि महाकाल लोक जैसी परियोजनाओं ने मध्यप्रदेश की पहचान बदल दी है और सरकार भगवान श्रीराम व श्रीकृष्ण से जुड़े सभी स्थलों को तीर्थ के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।

यूसीसी और परिवारवाद पर कांग्रेस को घेरा

मुख्यमंत्री ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) का समर्थन करते हुए कहा कि जब देश में एक संविधान और एक राष्ट्र है तो अलग-अलग कानूनों की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर चर्चा से बचती है क्योंकि उसकी राजनीति समाज को जाति और धर्म के आधार पर बांटने की रही है। परिवारवाद पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट नेताओं के रिश्तेदारों और करीबियों को मिलता है, जबकि भाजपा में कार्यकर्ता ही सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरने और भाजपा प्रत्याशी की रिकॉर्ड जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया।

admin
Written By

admin

एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।

आपको यह खबर कैसी लगी? शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार के साथ साझा करें