सागर जहरीली शराब कांड पर एक्शन शुरू : आरोपियों की अवैध कमाई पर चला प्रशासन का बुलडोजर, रिकॉर्ड खंगालकर चिन्हित की गई संपत्तियां

सागर-बंडा। सागर में जहरीली शराब ने ऐसा तांडव मचाया है कि कई घरों के चिराग बुझ गए हैं। सरकार जहां अब तक 15 मौतों का दावा कर रही है। तो वहीं मीडिया में 30 से अधिक लोगों की जान जाने की खबरें चल रही है। जहरीली शराब से हुईं मौतों के बाद प्रशासन ने आरोपियों के खिलाफ ताबड़तोड़ कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रशासन ने अवैध कमाई से खड़ी की गईं संपत्तियों पर बुलडोजर चला दिया है। बंडा के पांच ठिकानों पर एक्शन लिया गया।
अवैध शराब कारोबार से कथित तौर पर अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित कर गुरुवार सुबह से प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया। इसके बाद मकान, गोदाम और अन्य चिन्हित निर्माणों पर बुलडोजर कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान पुलिस बल भी बड़ी संख्या में मौजूद रहा, ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।
रिकॉर्ड खंगालकर चिन्हित की गई संपत्तियां
प्रशासन और पुलिस ने खुफिया सूचनाओं के साथ राजस्व विभाग के रिकॉर्ड को आधार बनाकर आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों की पहचान की। अधिकारियों की ओर से जमीन और निर्माण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जिन संपत्तियों में कथित तौर पर अवैध अतिक्रमण या शराब कारोबार से जुड़ी गतिविधियों की जानकारी मिली है, उन्हें कार्रवाई के दायरे में रखा गया है।

पांच ठिकानों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक बंडा में कुल पांच स्थानों को कार्रवाई के लिए चिन्हित किया गया है। इनमें जहरीली शराब कांड के मुख्य आरोपियों में बताए जा रहे चंद्रभान राजपूत, मनीष लोधी और आशीष साहू से जुड़ी संपत्तियां शामिल हैं। मकानों और गोदामों समेत अन्य कथित अनधिकृत निर्माणों की भी जांच की जा रही है।
बुलडोजर एक्शन से मचा हड़कंप
प्रशासन की कार्रवाई शुरू होते ही क्षेत्र में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति बन गई। कार्रवाई को लेकर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।
जांच के बाद आगे भी हो सकती है कार्रवाई
अधिकारियों के अनुसार चिन्हित संपत्तियों के राजस्व रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच की जा रही है। जांच में अनियमितता या अवैध निर्माण की पुष्टि होने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का यह अभियान जहरीली शराब कांड से जुड़े आरोपियों पर शिकंजा कसने की दिशा में बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
