पीएम मोदी के 25 साल : MP में 17 सितंबर से चलेगा सेवा संकल्प अभियान, CM की बैठक के बाद तैयार हुआ खाका, 5 जिलों में होंगे भव्य आयोजन
भोपाल। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल होने पर सरकार 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। पीएम मोदी के जन्म दिन से शुरु हो रहे अभियान के तहत प्रदेश के सभी 55 जिलों में अलग-अलग चरणों में जनसेवा और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके प्रभावी संचालन के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा के वरिष्ठ अधिकारियों को जिलों का नोडल अधिकारी बनाया गया है।
मुख्यमंत्री की बैठक में बनी रणनीति
अभियान के सफल संचालन को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में 2 सितंबर को हुई बैठक में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे। इसके बाद सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी विभागाध्यक्षों को अभियान की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश जारी किए हैं।
घर-घर जलेगा ‘आशीर्वाद का दीया’
अभियान में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रमुख गतिविधियों में शामिल है। इसके तहत हितग्राही परिवारों के घर दीप प्रज्ज्वलन किया जाएगा। इसके अलावा चित्रकला और भाषण प्रतियोगिता, संगीतमय नाट्य प्रस्तुतियां और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सम्मान जैसे कार्यक्रम भी होंगे।
योजनाओं की सफलता की कहानियां होंगी सामने
‘कहानी बदलाव’ के तहत सरकारी योजनाओं से लोगों के जीवन में आए सकारात्मक परिवर्तन की प्रेरक कहानियां सामने लाई जाएंगी। वहीं ‘सेवा ज्योति यात्रा’ के माध्यम से गांव और जिला स्तर पर जनभागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा। ‘जल, जन और सेवा संकल्प यात्रा’ के जरिए भी नागरिकों को अभियान से जोड़ा जाएगा।
एक जगह मिलेगी योजनाओं की जानकारी
‘सेवा सेतु’ के तहत विशेष केंद्र बनाए जाएंगे, जहां नागरिकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था होगी। ‘सेवा के रंग’ गतिविधि में घर-घर से लेकर राष्ट्र स्तर तक आभार और संकल्प की रंगोली बनाई जाएगी।
युवाओं को नवाचार से जोड़ने की तैयारी
‘राष्ट्रीय नवाचार चुनौती’ में विद्यार्थी, युवा, नवाचार से जुड़े उद्यम, पेशेवर, उद्योग जगत और जमीनी स्तर पर नए समाधान तैयार करने वाले लोगों को शामिल किया जाएगा। इसके साथ ही ‘जन सेवक महाकुंभ’ में देशभर के सरपंचों और जनप्रतिनिधियों के राष्ट्रीय सम्मेलन की योजना है। ‘25 साल, 25 कहानियां’ के तहत भी विशेष गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
नोडल अधिकारी करेंगे निगरानी
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को अपने-अपने जिलों में अभियान की निगरानी, समन्वय और कार्यक्रमों की सूक्ष्म योजना में जिला कलेक्टरों का सहयोग करने की जिम्मेदारी दी गई है। विभाग ने एक माह की पूरी कार्ययोजना तत्काल तैयार करने के निर्देश दिए हैं। सभी नोडल अधिकारी 17 सितंबर को अपने प्रभार वाले जिले में मौजूद रहेंगे और अभियान के उद्घाटन दिवस के कार्यक्रमों में अनिवार्य रूप से भाग लेंगे।
admin
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
