खतरे में ट्रम्प की सुरक्षा : वॉशिंगटन डिनर पार्टी में 7 राउंड फायरिंग, ट्रम्प भी थे मौजूद

अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी जहां एक हाई-प्रोफाइल डिनर इवेंट के दौरान अचानक गोलियों की आवाज से हड़कंप मच गया।
शनिवार शाम व्हाइट हाउस कॉरस्पॉन्डेंट्स डिनर के दौरान एक संदिग्ध हमलावर ने होटल के बॉलरूम के बाहर फायरिंग कर दी। उस वक्त डोनाल्ड ट्रम्प, उनकी पत्नी मेलानिया ट्रम्प, और उपराष्ट्रपति जेडी वेंस समेत कई बड़े नेता और अधिकारी अंदर मौजूद थे।

जैसे ही गोलियों की आवाज सुनाई दी, यूएस सीक्रेट सर्विस तुरंत हरकत में आ गई। ट्रम्प को तुरंत स्टेज से हटाकर सुरक्षित जगह पर ले जाया गया। वहीं, अन्य मेहमानों को भी सुरक्षित बाहर निकाला गया। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक करीब 7 राउंड फायरिंग हुई, जिससे वहां मौजूद लोग डर के मारे टेबल के नीचे छिप गए।
फायरिंग के बाद पूरे इलाके को घेर लिया गया और जांच शुरू की गई। शुरुआती खबरों में हमलावर के मारे जाने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में पुष्टि हुई कि उसे जिंदा पकड़ लिया गया है। इस घटना में एक सुरक्षाकर्मी को गोली लगी, लेकिन बुलेटप्रूफ जैकेट पहनने की वजह से उसकी जान बच गई।

घटना के करीब डेढ़ घंटे बाद ट्रम्प ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा, यह हमारे संविधान पर हमला है। लेकिन हमारे सुरक्षा बलों ने बहादुरी से काम किया और मेरी जान बचाई। उन्होंने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि “आज की शाम काफी हलचल भरी रही, लेकिन एजेंसियों ने शानदार काम किया और स्थिति को काबू में कर लिया।
फिलहाल जांच जारी है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमलावर का मकसद क्या था।
ऋषिका जैन
दिलचस्प और रोचक खबरों की खोज में रहती हैं। सोशल मीडिया पर चल रही कानाफूसी को न्यूज़ चैनल तक पहुंचाती हैं।
