रक्षा क्षेत्र में स्वदेशी तकनीक को नई उड़ान : अडाणी डिफेंस ने ATGM बघीरा एटी1 का किया सफल परीक्षण, 8 किमी दूर से दुश्मनों पर करेगी वार

पोखरण (राजस्थान)। भारतीय रक्षा क्षेत्र में अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वदेशी तकनीक की ताकत को नई उड़ान देते हुए अदाणी डिफेंस एंड एयरोस्पेस ने राजस्थान के पोखरण फील्ड फायरिंग रेंज में वाहन पर तैनात एंटी-टैंक गाइडेड मिसाइल (एटीजीएम) प्रणाली ‘बघीरा एटी1’ का सफल परीक्षण किया है। इस दौरान मौके पर भारतीय सेना, सैन्य मामलों के विभाग और रक्षा मंत्रालय के सीनियर अधिकारी भी मौजूद थे। यह अत्याधुनिक मिसाइल प्रणाली 8 किलोमीटर तक की दूरी पर मौजूद बख्तरबंद वाहनों को निशाना बनाने में सक्षम बताई गई है।
18 महीने में तैयार हुई आधुनिक मिसाइल प्रणाली
कंपनी के मुताबिक, ‘बघीरा एटी1’ को करीब 18 महीने के डिजाइन किया गया है। इसे भारतीय भूभाग, मौसम और सेना की परिचालन जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यह केवल एक मिसाइल नहीं, बल्कि संपूर्ण युद्ध प्रणाली है। इसमें ऑटोमैटिक लॉन्चर, दिन और रात में लक्ष्य देखने के लिए विशेष साइट्स तथा अदाणी डिफेंस द्वारा डिजाइन किया गया 4Û4 हाई-मोबिलिटी बख्तरबंद वाहन शामिल है।
इसकी सबसे बड़ी खासियत इसकी मारक क्षमता है। कंपनी का दावा है कि यह 8 किलोमीटर तक लक्ष्य को भेद सकती है, जबकि जमीन से दागी जाने वाली पारंपरिक एंटी-टैंक मिसाइलों की मारक दूरी लगभग 4 किलोमीटर होती है।
एक वाहन में 12 मिसाइलें, लेजर तकनीक से करेगी हमला
बघीरा एटी1 के ऑटोमैटिक लॉन्चर में एक समय पर चार मिसाइलें दागने के लिए तैयार रहती हैं, जबकि वाहन में आठ अतिरिक्त मिसाइलें रखी जा सकती हैं। यानी एक वाहन में कुल 12 मिसाइलों की क्षमता है।
इस प्रणाली की एक और महत्वपूर्ण विशेषता इसकी लेजर बीम आधारित तकनीक है। रेडियो लिंक के बजाय लेजर के माध्यम से लक्ष्य तक पहुंचने वाली यह मिसाइल इलेक्ट्रॉनिक जैमिंग के प्रति अधिक प्रतिरोधी होने के उद्देश्य से तैयार की गई है।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
