भोपाल में 12 दिसंबर को विपक्ष भरेगा हुंकार : एक मंच पर दिखेंगे राहुल-प्रियंका, खड़गे और अखिलेश, भाजपा ने गठबंधन की एकता पर उठाए सवाल

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 12 दिसंबर को इंडिया गठबंधन बड़ा शक्ति प्रदर्शन करने जा रहा है। प्रस्तावित रैली में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव सहित विपक्ष के कई दिग्गज नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इतना ही रैली में एक लाख से अधिक लोगों के जुटाने का भी लक्ष्य तय किया गया है। इस आयोजन को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।
कांग्रेस की रणनीति है कि भोपाल की इस रैली के जरिए विपक्षी दलों को एक मंच पर लाकर अपनी राजनीतिक ताकत दिखाई जाए। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा है कि गठबंधन राजधानी में बड़ा आयोजन करने जा रहा है। रैली में वोट सुरक्षा मार्च और संयुक्त जनसभा आयोजित करने की भी तैयारी है। इसके अलावा विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और मतदाता सूची से नाम हटाए जाने के मुद्दे भी प्रमुखता से उठाए जाएंगे। नायक ने यह भी कहा कि रैली में कौन-कौन से दल के नेता शामिल होंगे, इसकी विस्तृत जानकारी आगे साझा की जाएगी।
भाजपा का तंज- एकजुट नहीं है इंडिया गठबंधन
दूसरी तरफ भाजपा ने विपक्ष की इस तैयारी पर सवाल खड़े किए हैं। विधायक भगवान दास सबनानी ने कहा है कि कांग्रेस के पास जनता के बीच उठाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। इंडिया गठबंधन के नेता खुद एकजुट नहीं हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का हवाला देते हुए राहुल गांधी और अखिलेश यादव के बीच तालमेल पर भी सवाल उठाए और गठबंधन को जादुई गठबंधन करार दिया।
प्रफुल्ल तिवारी
एक अनुभवी पत्रकार और लेखक, जो देश और दुनिया की महत्वपूर्ण खबरों को सटीकता के साथ आप तक पहुँचाते हैं।
